भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट, 3500 से ज्‍यादा अंक नीचे गिरा सेंसेक्‍स

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 07 Apr 2025 11:19 AM
भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट, 3500 से ज्‍यादा अंक नीचे गिरा सेंसेक्‍स
ऑडियो सुनें

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार आज यानी 7 अप्रैल को खुलते ही धड़ाम हो गया. प्री-ओपन ट्रेड में सेंसेक्स 3,900 से ज्यादा अंकों की भारी गिरावट के साथ 71,449 के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी 1,100 से अधिक अंक टूटकर 21,758 के नीचे फिसल गया.

इस तरह सेंसेक्स और निफ्टी दोनों 5 फीसदी से अधिक लुढ़का है.

निफ्टी पर टाटा मोटर्स और ओएनजीसी टॉप लूजर्स शेयरों में शामिल रहे. सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जिनमें आईटी और मेटल में 7-7 प्रतिशत की गिरावट है. बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 6-6 प्रतिशत की गिरावट है.

इस गिरावट की वजह ग्लोबल मार्केट में जारी डर और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की टैरिफ पॉलिसी मानी जा रही है, जिसने दुनियाभर के निवेशकों में बेचैनी बढ़ा दी है. इससे पहले जापान, हॉन्गकॉन्ग और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों में भी तेज गिरावट देखी गई, जिससे साफ है कि ट्रेड वॉर की चिंता अब पूरी दुनिया को हिला रही है.

शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबार सत्र में लाल निशान में बंद हुआ था. बाजार में चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्स 930 अंक या 1.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,364 और निफ्टी 345 अंक या 1.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,904 पर था.

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,050.23 अंक या 2.64 प्रतिशत नीचे आया. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 614.8 अंक या 2.61 प्रतिशत के नुकसान में रहा.बीते सप्ताह के दौरान सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से नौ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में सामूहिक रूप से 2,94,170.16 करोड़ रुपये की गिरावट आई.

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे. उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 3,483.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital