बीजापुर: नक्सल विरोधी अभियान के दौरान मधुमक्खियों के हमले में CRPF के श्वान की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 May 2025 08:38 PM
बीजापुर: नक्सल विरोधी अभियान के दौरान मधुमक्खियों के हमले में CRPF के श्वान की मौत
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की कोरगोटालू पहाड़ियों पर नक्सल विरोधी अभियान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक श्वान की मुधमक्खियों के हमले में मौत हो गयी. सुरक्षा बल के इस खोजी कुत्ते पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया और उसे करीब 200 बार डंक मारे. अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि मरने वाला श्वान मादा थी और उसका नाम ‘रोलो’ था .

उन्होंने ‘पीटीआई-भाष’ को बताया कि 11 मई को समाप्त हुए 21 दिनों के इस मेगा अभियान के दौरान रोलो को विस्फोटकों और परिष्कृत विस्फोटक उपकरणों का पता लगाने का कार्य सौंपा गया था . उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को अभियान के दौरान रोलो की मौत हो गई. सीआरपीएफ के महानिदेशक ने उसे मरणोपरांत प्रशस्ति पदक से सम्मानित किया है. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और छत्तीसगढ़ पुलिस इकाइयों के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने 31 माओवादियों को मार गिराने का दावा किया है, जो नक्सलियों के सशस्त्र कैडरों के लिए एक ‘बड़ा झटका’ है.

इस अभियान में कुल 18 जवान घायल हुए, जिनमें से कुछ के पैर विस्फोट की चोटों के कारण काटने पड़े, जिसे सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ अब तक का ‘सबसे बड़ा समन्वित’ अभियान बताया. कोरगोटालू पहाड़ियां छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा (दोनों राज्यों के क्रमश? बीजापुर और मुलुगु जिले) पर स्थित हैं . इन पहाड़ियों पर जल स्रोत और प्राकृतिक गुफाएं भी हैं . इनके अलावा वहां भालू, विभिन्न प्रकार के कीड़े मकौड़ों, मधुमक्खियों समेत अन्य जंगली जानवर भी रहते हैं . घने जंगलों में नक्सली अपने छिपने का मुख्य ठिकाना बनाते हैं.

सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 27 अप्रैल को रोलो नामक बेल्जियन शेफर्ड श्वान तलाशी अभियान में जुटी थी, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया. रोलो के संचालकों ने उसे पॉलीथीन शीट से ढक दिया, लेकिन मधुमक्खियां अंदर घुस गईं और उन्होंने उसे काट लिया.

अधिकारियों ने बताया कि तेज दर्द और जलन के कारण रोलो पागल हो गयी और कवर से बाहर आ गयी, जिससे उसे और अधिक डंक लगे . उन्होंने बताया कि मधुमक्खियों ने रोलो को करीब 200 बार डंक मारे जिसके बाद वह बेहोश हो गयी. उसे मौके से निकाला गया और संचालकों ने उसका आपातकालीन उपचार किया. हालांकि, 27 अप्रैल को चिकित्सा सुविधा के लिए ले जाते समय रोलो की दर्द के कारण मौत हो गई. बल के पशु चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu