भाजपा हिंदुओं-मुसलमानों के बीच भेदभाव नहीं करती,कांग्रेस तो जंग लगा लोहा है: राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Apr 2024 09:51 PM
भाजपा हिंदुओं-मुसलमानों के बीच भेदभाव नहीं करती,कांग्रेस तो जंग लगा लोहा है: राजनाथ
ऑडियो सुनें

रीवा/सतना. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीन तलाक पर प्रतिबंध का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिंदुओं और मुसलमानों के बीच भेदभाव नहीं करती है और महिलाओं का सम्मान उसके लिए सर्वोपरि है. उन्होंने अपनी पार्टी को 24 कैरेट वाला सोना और कांग्रेस को जंग लगा लोहा करार दिया. भाजपा के लोकसभा उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के लिए मध्य प्रदेश के रीवा और सतना जिलों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के विचार की भी वकालत की.

रीवा लोकसभा सीट पर भाजपा ने मौजूदा सांसद जनार्दन मिश्रा को फिर से उम्मीदवार बनाया है. उनका मुकाबला कांग्रेस की नीलम सिंह से होगा. सतना में भाजपा के मौजूदा सांसद गणेश सिंह का मुकाबला स्थानीय कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाह से है. मप्र की 29 लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में मतदान होगा और वोटों की गिनती चार जून को होगी. रीवा और सतना सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा.

सिंह ने कहा, ”लोग कहते हैं कि भाजपा हमेशा हिंदू और मुसलमान की बात करती है. मैं कहना चाहता हूं कि हम हिंदुओं, मुस्लिमों, ईसाइयों और यहूदियों के बीच भेदभाव नहीं करते हैं.” रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी सभी को साथ लेकर चलती है. सिंह ने कहा, ”हम मानते हैं कि भारत में जन्मे सभी लोग भारत माता की संतान हैं. हम भेदभाव नहीं करते हैं.” उन्होंने कहा कि तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाने की मंशा जाहिर करने के बाद भाजपा पर पक्षपात के आरोप और तेज हो गए, लेकिन हमने लोगों को बेवकूफ बनाकर इसे (तत्काल तीन तलाक) खत्म नहीं किया, यह हमारा संकल्प और वचन था.

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे वे हिंदू हों, मुस्लिम हों, ईसाई हों, यहूदी हों या पारसी हों, भाजपा अपनी बहनों के साथ समान व्यवहार करती है. महिलाओं का सम्मान करना हमारी और भाजपा की प्राचीन परंपरा है. उन्होंने कहा कि किसी से शादी करने के बाद अगर कोई उसे तलाक, तलाक, तलाक कहकर छोड़ देगा तो भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी, भले ही उसकी सरकार चली जाए.

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के विचार के लिए वकालत करते हुए सिंह ने मध्य प्रदेश में हाल के विधानसभा चुनाव का जिक्र किया और कहा कि उस समय उन्होंने कहा था कि राज्य के लोग आगामी लोकसभा चुनाव में फिर से अपना वोट डालेंगे. विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भारी जीत दर्ज की थी. उन्होंने कहा, ” मैंने यह भी कहा कि देश में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की व्यवस्था होनी चाहिए. यह एक ही बार में होना चाहिए.” उन्होंने कहा कि एक देश में पांच साल में अधिकतम दो बार चुनाव होने चाहिए. सिंह ने कहा कि एक बार लोकसभा और विधानसभा के चुनाव तथा एक बार स्थानीय निकाय चुनाव के होने चाहिए.

केंद्र में मोदी सरकार के ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ को उल्लेखनीय बताते हुए सिंह ने कहा कि इसने तीन तलाक को रद्द कर दिया और 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए और देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया में 11वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंचाया. उन्होंने दावा किया कि 2026 तक भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में तीसरे स्थान पर होगी और 2047 तक देश एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2070 तक भारत विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बन जायेगा.

सिंह ने कहा कि मोदी के कार्यकाल में दुनिया में देश का मान बढ.ा है. उन्होंने कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ.ाई कर रहे भारतीय छात्रों की यूक्रेन से सुरक्षित वापसी के लिए प्रधानमंत्री मोदी के हस्तक्षेप पर रूस-यूक्रेन युद्ध साढ.े चार घंटे तक रुका रहा.
उन्होंने कतर से जुड़ी भारत की कूटनीतिक जीत का भी हवाला दिया. सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अधिकारियों को, जिन्हें वहां की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी, मोदी के उस देश के नेतृत्व से अनुरोध करने के बाद रिहा कर दिया गया.

सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत पिछले 10 वर्षों में दुनिया की एक बड़ी ताकत बन गया है. उन्होंने कहा कि सैन्य दृष्टिकोण से देश न केवल लड़ाकू विमानों सहित हथियारों का निर्माण कर रहा है बल्कि अन्य देशों को हथियार का निर्यात भी कर रहा है. बाद में सतना में बोलते हुए रक्षा मंत्री ने भाजपा को 24 कैरेट सोना और कांग्रेस को जंग लगा लोहा बताया. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) भारत का हिस्सा था, है और रहेगा.

उन्होंने अयोध्या राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा, ” मैं ऐसा कोई दावा नहीं करना चाहता, लेकिन मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भाजपा हिंदुस्तान की एक ऐसी पार्टी है जो अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करती है. इसलिए मैं कहता हूं कि भाजपा 24 कैरेट सोने की तरह है.” उन्होंने कांग्रेस को जंग लगा लोहा बताया और कहा कि उन्होंने 50 साल तक शासन किया, वे देश को शिखर पर ले जा सकते थे, क्या 50 वर्ष का समय कम था? सिंह ने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व वाले केंद्र ने पलक झपकते ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दिया और उसका विशेष दर्जा हटा दिया.

उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर आज विकास से गुलजार है और पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर का हिस्सा) में रहने वालों को अब लगता है कि अगर कोई उनके जीवन में सुधार कर सकता है, तो वह भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं. उन्होंने कहा, ”मतलब, वे चाहते हैं कि पीओके भारत में शामिल हो जाए. जहां तक पीओके का सवाल है, वह हमारा था, है और हमारा रहेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu