राजस्थान में भाजपा बिखरी हुई पार्टी : प्रियंका गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 17 Nov 2023 08:25 PM
राजस्थान में भाजपा बिखरी हुई पार्टी : प्रियंका गांधी
ऑडियो सुनें

जयपुर. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बिखरी हुई पार्टी बताते हुए कटाक्ष किया कि यहां के बड़े-बड़े नेताओं को किनारे कर दिया गया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने नाम पर वोट मांग रहे हैं. प्रियंका ने कहा, ‘भाजपा बिखरी हुई है, वहीं हम एकजुट होकर लड़ रहे हैं, हमारा एक-एक नेता आपके लिए सर्मिपत है.’ कांग्रेस महासचिव ने शुक्रवार को सागवाड़ा (डूंगरपुर) और चित्तौड़गढ़ में चुनावी सभाओं को संबोधित किया.

सागवाड़ा में प्रियंका ने कहा, ”आज अगर आप भाजपा को देखें तो वह राजस्थान में बिखरी हुई पार्टी है. उनसे पूछिए कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका चेहरा कौन है . वे इसका भी जवाब नहीं दे सकते. प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी जी प्रदेश के कोने-कोने में घूम रहे हैं. कभी-कभी लगता है कि वे अपने मुख्यमंत्री का चेहरा ढूंढ़ने निकले हैं.” कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि उन्हें अपने नेताओं पर विश्वास नहीं है, वे अपने नाम पर वोट मांग रहे हैं.

प्रियंका ने कहा, ”तो आपका प्रदेश चलाएगा कौन? मोदी जी तो दिल्ली से नहीं आएंगे इसे चलाने के लिए. इसे चलाने के लिए राजस्थान का कोई चाहिए. उनके बड़े-बड़े नेताओं को परे कर दिया गया है. वे अपने नाम पर वोट मांग रहे हैं.” प्रियंका ने कहा,”आपने गहलोत की सरकार देखी है. पांच साल से जैसा कि गहलोत कहते रहे हैं-आप मांगते-मांगते थक जाओगे, लेकिन मैं देने में नहीं थकूंगा. उनकी यह नीयत है. कांग्रेस पार्टी का यही सिद्धांत है.” लोगों से सोच समझ कर वोट करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अगर राजनीति में जज्बातों और धर्म का इस्तेमाल हो रहा है, तो आपको सावधान होना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि देश में किसान परेशान हैं और लोग महंगाई से त्रस्त हैं.

उन्होंने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार की वजह से प्रदेश में इतनी महंगाई है और राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए महंगाई राहत शिविर लगाए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लाखों किसानों का लगभग 14 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है.

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए गए जनकल्याण के सभी काम बंद कर दिए जाएंगे.
अपने संबोधन के दौरान प्रियंका ने गायत्री मंत्र का भी पाठ किया और कहा कि उन्होंने इसे अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से सीखा था और अपने बच्चों को भी सिखाया है.

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘गायत्री माता हमारी संस्कृति की रक्षा करती है. मेरी दादी कहती थीं सब धर्मों का, सभी संस्कृतियों का आदर होना चाहिए. आज इंदिरा जी की शहादत को चालीस साल हो गये हैं पूरा देश उन्हें याद करता है क्योंकि उन्होंने देश को एक परिवार के रूप में अपने दिल में रखा.” वहीं चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस नेता ने कहा कि राजस्थान में हमारी सरकार ने खूब काम किया है. हम इस काम को रोकना नहीं चाहते. अब प्रदेश सही दिशा में चल रहा है. सही दिशा यह है कि आपकी संपत्ति आपकी जेब में जानी चाहिए.

उन्होंने कहा, ‘आज जो केंद्र सरकार की सरकार है वह आपकी संपत्ति छीनकर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दे रही है. चाहे आपकी बड़ी बड़ी कंपनियां हों, चाहे बंदरगाह हो, चाहे हवाई अड्डे हों … आज किसान एक दिन में 27 रुपए कमाता है और अडाणी जी 16000 करोड़ रुपए कमाते हैं. मोदी जी कहते हैं कि आपकी पेंशन के लिए पैसे नहीं है वे 16000 करोड़ रुपए के दो हवाई जहाज सरकार ने उनके लिए खरीदे हैं.’ उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के बकाया का भुगतान नहीं किया लेकिन वे हजारों करोड़ रुपए अपने बड़े-बड़े उद्योगपति मित्रों के माफ करते हैं.

उन्होंने कहा, ‘बड़े बड़े उद्योगपतियों को सहारा, सहायता, कर्ज माफ, देश के बंदरगाह, देश के हवाई अड्डे और आप? आपके बारे में कौन सोचेगा? आप सोच लीजिए अपने पैरों पर खड़ा होना है, अपना भविष्य मजबूत बनाना है, अपने आप को सशक्त बनाना है तो कांग्रेस की सरकार को जिताओ पांच साल और दो.’ कांग्रेस महासचिव ने चित्तौड़गढ़ में भी भाजपा को प्रदेश में बिखरी हुई पार्टी बताया.

उन्होंने कहा, ‘भाजपा बिखरी हुई है हम एकजुट होकर लड़ रहे हैं,हमारा एक एक नेता आपके लिए सर्मिपत है. सही तरह की राजनीति अपने प्रदेश में है उसको कामयाब करो, उसे पांच साल और दो ताकि आपका प्रदेश आगे बढ़ता चला जाए और रुके नहीं.’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘मैं जानती हूं कि अगर आप अपने विवेक का इस्तेमाल करेंगे और सोच समझकर अपना वोट डालेंगे और वोट अपने ही पक्ष में डालना चाहेंगे तो आप कांग्रेस के हर उम्मीदवार को भारी बहुमत से जिताएंगे.’ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इन सभाओं में मौजूद थे. राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 25 नवंबर को होगा.

राजस्थान में भाजपा बंटी हुई और इसके नेताओं के बीच कलह : आनंद शर्मा

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि राजस्थान में भाजपा बंटी हुई है और उसके नेताओं में कलह है. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘वे (भाजपा) चुनाव में कोई चेहरा पेश नहीं कर पाए हैं, उनके पास जो चेहरे हैं वे केंद्रीय नेतृत्व को पसंद नहीं है.’ उन्होंने कहा कि जनता को यह पता नहीं है कि भाजपा का नेतृत्व कौन करेगा.

उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘यह सोचकर कि यहां भाजपा की सरकार नहीं बनेगी, उन्होंने राज्य में नेतृत्व के लिए किसी का चेहरा आगे नहीं किया है.’ शर्मा ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के नेता हैं, उन्हें भाजपा के पक्ष में प्रचार करने का अधिकार है, लेकिन हर जगह खुद जिम्मेदारी लेना उचित नहीं है क्योंकि यह एक विशाल देश है, कन्याकुमारी से कश्मीर तक फैला हुआ है, इसलिए उन्हें पहले देश के लिये जिम्मेदारी लेनी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu