भाजपा-जदयू ने बिहार के युवाओं के हर अवसर को छीना, अब बदलाव का समय : खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Nov 2025 08:18 PM
भाजपा-जदयू ने बिहार के युवाओं के हर अवसर को छीना, अब बदलाव का समय : खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/पटना. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पिछले 20 वर्षों के अपने शासन में बिहार के युवाओं से हर अवसर और सपना छीन लिया, लेकिन अब राज्य के आत्मसम्मान को बहाल करने का समय आ गया है. खरगे ने कहा कि अब महागठबंधन के ‘न्याय संकल्प’ को दोहराने का समय आ गया है.

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ” बिहार के लोग जहां भी जाते हैं, मेहनत और हुनर से उन शहरों की किस्मत चमका देते हैं. लेकिन वे अपने बिहार की तक.दीर अब तक क्यों नहीं बदल पाए? क्योंकि बीते 20 सालों में भाजपा-जदयू ने बिहार के युवाओं से हर मौका, हर सपना छीन लिया. उन्हें मज़दूरी करने के लिए मजबूर कर दिया गया.”

उन्होंने कहा,”उद्योग क्षेत्र में रोजगार के मामले में बिहार देश में 23वें स्थान पर है. पूरे राज्य में सिर्फ 1.3 लाख लोग ही इस क्षेत्र में काम करते हैं, जिनमें से केवल 36,135 स्थायी कर्मचारी हैं. अब वक्त है बदलाव का, बिहार का स्वाभिमान फिर जगाने का है.” खरगे ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें बिहार में युवाओं के विकास के लिए ‘महागठबंधन’ द्वारा किए गए वादे शामिल हैं. महागठबंधन ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया है, जिसमें हर घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा भी शामिल है.

नीतीश को बिहार की जनता से ज्यादा ‘कुर्सी’ से प्यार : पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्य की जनता से ज्यादा सत्ता और ”कुर्सी” से प्यार है. पटना में संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद, बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ”बैसाखियां” छीन ली जाएंगी.

उन्होंने कहा, ”भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में ‘400 पार’ का दावा किया था, लेकिन 250 सीटें भी नहीं ला पाई. केंद्र में सरकार बनाने के लिए उसे बिहार और आंध्र प्रदेश की बैसाखियों पर निर्भर रहना पड़ा.” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ”भाजपा के सामने बेबस” हो चुके हैं.

उन्होंने कहा, ”यह वही नीतीश कुमार हैं, जिन्होंने एक समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा डीएनए पर सवाल उठाए जाने के बाद सैकड़ों बिहारवासियों के काटे हुए नाखून उन्हें कुरियर से भेजे थे. लेकिन अब कुर्सी से मोह ने उन्हें असहाय बना दिया है.” राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ”डबल इंजन” दावे पर हमला करते हुए पायलट ने कहा कि ”यह डबल इंजन हर मोर्चे पर फेल हो गया है.”

प्रधानमंत्री मोदी के रविवार को बिहार में रोड शो को लेकर पायलट ने सवाल किया, ”मोदी जी बिहार आ रहे हैं, लेकिन बताइए, उन्होंने 1.25 लाख करोड़ रुपए के विशेष पैकेज, निवेश लाने, रोजगार सृजन करने और किसानों की आय दोगुनी करने के कितने वादे पूरे किए?” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जिन सड़कों से गुजरेंगे, ”उन सड़कों पर बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई गई थीं.” राजग के घोषणापत्र को लेकर पायलट ने आरोप लगाया कि ”गठबंधन (राजग) जनता को गुमराह कर रहा है और पुराने अधूरे वादों के बावजूद नये झूठे वादे कर रहा है.”

उन्होंने कहा, ”राजग को पिछले 20 साल बिहार के विकास के लिए काम करने का मौका मिला, लेकिन उसने राज्य की तस्वीर नहीं बदली. अब फिर से नये वादों का झांसा दिया जा रहा है.” कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार आज भी बेरोजगारी और पलायन से जूझ रहा है और ”केवल सरकार में बदलाव ही इस स्थिति से लोगों को राहत दिला सकता है.” उन्होंने भरोसा दिलाया कि महागठबंधन अपने घोषणापत्र में किए गए सभी वादे पूरे करेगा. रोजगार सृजन पर पायलट ने कहा, ”अगर ठोस नीयत हो तो युवाओं के लिए व्यापक रोजगार उपलब्ध कराना संभव है.”

उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन ”आसानी से बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर जाएगा.” मोकामा से जनता दल (यूनाइटेड) उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर पायलट ने कहा, ”यह गिरफ्तारी जनता के दबाव में हुई है. राजग के नेता जंगलराज की बात करते हैं, लेकिन देखिए उनके शासन में क्या हो रहा है. यह कोई अलग घटना नहीं है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन घटनाओं के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu