भोपाल/इंदौर. सोशल मीडिया पर एक वीडियो आने के बाद कांग्रेस को र्शिमंदगी का सामना करना पड़ा, जिसमें सोमवार को मध्य प्रदेश की मंडला लोकसभा सीट पर राहुल गांधी की रैली में एक बैनर पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार फग्गन सिंह कुलस्ते की तस्वीर दिखाई दे रही है.
कांग्रेस ने जहां इस गड़बड़ी को “मानवीय भूल” बताया वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि विपक्षी दल ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है. कथित वीडियो में मंडला लोकसभा सीट के अंतर्गत सिवनी जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर धनोरा में दिन के आखिर में होने वाली रैली के मंच में पीछे लगे एक बैनर पर कुलस्ते की तस्वीर दिखाई गई. बाद में वीडियो में कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्री की तस्वीर को केवलारी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह की तस्वीर से ढकते नजर आए. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा उम्मीदवार कुलस्ते की तस्वीर लगाकर पहले ही हार स्वीकार कर ली है.
उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस की गंभीरता को दर्शाता है. उन्होंने अपनी जगह भाजपा उम्मीदवार की तस्वीर लगा दी. उन्होंने चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है.” वरिष्ठ कांग्रेस नेता के के मिश्रा ने बैनर में गड़बड़ी को “मानवीय भूल” करार दिया. उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, “भाजपा ने हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने की आदत बना ली है, भले ही वह मानवीय भूल ही क्यों न हो. हम भाजपा की ऐसी आदतों के बारे में कुछ नहीं कह सकते.” गांधी मंडला से कांग्रेस उम्मीदवार, पूर्व मंत्री और डिंडोरी से मौजूदा विधायक ओंकार सिंह मरकाम के लिए एक रैली को संबोधित करेंगे.
राहुल गांधी के मंच पर तस्वीर की गड़बड़: मुख्यमंत्री बोले, ”गंभीर नहीं है कांग्रेस”
मध्य प्रदेश के मंडला लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा में मंच के बैनर पर सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते का फोटो छपा होने की गड़बड़ सामने आने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रमुख विपक्षी दल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर गंभीर नहीं है.
गांधी की सभा में मंच के बैनर पर निवर्तमान केंद्रीय मंत्री कुलस्ते का फोटो छपा होने की गड़बड़ पर यादव ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ”मंडला क्षेत्र में आयोजित सभा में कांग्रेस अपने प्रत्याशी के स्थान पर भाजपा के उम्मीदवार (कुलस्ते) का फोटो लगा रही है. इसका मतलब है कि कांग्रेस (लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर) गंभीर नहीं है.” यादव ने लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार भाजपा की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ”आत्ममूल्यांकन” की जरूरत है और इस पार्टी को 2029 के अगले लोकसभा चुनाव की तैयारी पूरी गंभीरता के साथ करनी चाहिए.
यादव ने यह दावा भी किया कि कांग्रेस को खजुराहो में अपनी चुनावी हार तय होने का पहले से अहसास है, इसलिए उसने यह सीट विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी. मुख्यमंत्री ने कहा, ”बाद में समाजवादी पार्टी ने भी खजुराहो सीट पर अपना प्रत्याशी बदल दिया और जब इस प्रत्याशी के नामांकन दायर करने का मौका आया, तो आप सबको मालूम ही है कि क्या हुआ.”