भाजपा ने उदयनिधि को तमिलनाडु का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर द्रमुक पर निशाना साधा

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के बेटे उदयनिधि को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर रविवार को द्रमुक पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी का ध्यान केवल भ्रष्टाचार और अपने नेतृत्व के परिवार की प्रगति पर है. धनशोधन मामले में आरोपी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता वी सेंथिल बालाजी को मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने और राज्य के मुख्यमंत्री के बेटे उदयनिधि स्टालिन को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद भाजपा की यह प्रतिक्रिया आई है.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ”इससे एक बात तो साफ है कि यह पार्टी परिवार की है, परिवार के लिए है और परिवार के द्वारा है. यह एक प्राइवेट लिमिटेड पारिवारिक कंपनी है. इसलिए पहले पिता, फिर बेटा और फिर पोता… और यह सिलसिला चलता रहता है.” उन्होंने कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), समाजवादी पार्टी (सपा) और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य घटकों पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि ये सभी पार्टियां केवल अपने नेतृत्व के परिवार की चिंता करती हैं.

पूनावाला ने आरोप लगाया, ”पूरा ‘इंडी’ गठबंधन इसके (द्रमुक) जैसा ही है. भ्रष्टाचार और परिवार इन पार्टियों के दो स्तंभ हैं. इनके लिए परिवार पहले है, देश नहीं.” भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जहां कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, राकांपा (एसपी) के शरद पवार और द्रमुक प्रमुख स्टालिन चाहते हैं कि उनके बेटे और बेटियां आगे बढ़ें तो वहीं सपा के दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव भी चाहते थे कि उनके बेटे अखिलेश यादव आगे बढ़ें. उन्होंने आरोप लगाया कि वे केवल अपने बेटे-बेटियों को आगे बढ़ाने की चिंता करते हैं, भारत के बेटे-बेटियों की नहीं. पूनावाला ने कहा, ”केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही हैं, जो देश के बेटे-बेटियों की चिंता करते हैं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button