भाजपा ने झारखंड में सरकार ‘चोरी’ करने की कोशिश की : राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 03 Feb 2024 09:59 PM
भाजपा ने झारखंड में सरकार ‘चोरी’ करने की कोशिश की : राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

गोड्डा/देवघर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झारखंड में सरकार की ‘चोरी’ की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनादेश की रक्षा के लिए हस्तक्षेप किया. गोड्डा जिले में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)नीत गठबंधन सरकार को बचाने में कांग्रेस की भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने एक बार फिर भाजपा की विचारधारा का विरोध करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

वह बाद में देवघर पहुंचे और कुंवर सिंह चौक पर एक अन्य रैली को संबोधित करने के अलावा प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में ‘रुद्राभिषेक’ किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा, ”देश का युवा रोजगार चाहता है. भाजपा और प्रधानमंत्री (नरेन्द्र)मोदी ने देश में बेरोजगारी की बीमारी फैलाई है. इस नयी बीमारी ने भारतीय युवाओं को संक्रमित कर दिया है और उनका भविष्य बर्बाद कर दिया है.”

राहुल गांधी ने देश में आदिवासियों, दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों का वास्तविक आंकड़ा जानने के लिए जाति आधारित गणना कराने पर भी जोर दिया. उन्होंने दावा किया, ”देश में आदिवासियों, दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ अन्याय बढ़ रहा है.” मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू हुई यात्रा शुक्रवार दोपहर को पश्चिम बंगाल से पाकुड़ जिले होते हुए झारखंड राज्य में प्रवेश की.
कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा शनिवार सुबह गोड्डा जिले के सरकंडा चौक से फिर शुरू हुई.

सिन्हा ने बताया कि यात्रा धनबाद के लिए रवाना होगी और धनबाद के टुंडी ब्लॉक के हलकटा में रात्रि विश्राम के लिए रुकेगी. झारखंड में यात्रा दो चरणों में होगी और इस दौरान आठ दिन के दौरान 13 जिलों में 804 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी. ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 67 दिनों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होते हुए 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu