तिरुप्परनकुंद्रम दीप प्रज्वलन मुद्दे पर भाजपा की सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश नाकाम: मंत्री

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 27 Dec 2025 03:03 PM
तिरुप्परनकुंद्रम दीप प्रज्वलन मुद्दे पर भाजपा की सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश नाकाम: मंत्री
ऑडियो सुनें

चेन्नई: तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ धर्मादा मंत्री पी. के. शेखर बाबू ने शनिवार को दावा किया कि तिरुप्परनकुंद्रम दीप प्रज्वलन मुद्दे का सहारा लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांप्रदायिक नफरत भड़काने की कोशिश विफल रही और ऐसा लगता है कि भगवान मुरुगन उनके पक्ष में नहीं थे।

मंत्री ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के शासन में लोगों को सांप्रदायिक आधार पर विभाजित करने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘वे (भाजपा) तिरुप्परनकुंद्रम कार्तिगई दीपम दीप प्रज्वलित करने के मुद्दे के माध्यम से भगवान मुरुगन के नाम का हवाला देकर सांप्रदायिक नफरत भड़काना चाहते थे।

लेकिन ऐसा लगता है कि उन्हें भगवान का आशीर्वाद नहीं मिला। उनका प्रयास असफल रहा।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश समन्वय समिति के संयोजक एच. राजा ने दावा किया था कि भाजपा के सत्ता में आने पर मंदिर प्रशासन को हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ धर्मादा विभाग के नियंत्रण से मुक्त करके श्रद्धालुओं को सौंप दिया जाएगा। राजा के इस दावे के जवाब में बाबू ने टिप्पणी की, ‘‘उन्हें चुनाव लड़ने दीजिए और जीतने दीजिए।’’ बाबू ने कहा कि राजा को ऐसे अनावश्यक बयान देकर अपनी पहचान बनाने की कोशिश करने के बजाय चेन्नई के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़कर अपनी क्षमता साबित करनी चाहिए।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital