BMW ने भारत में ₹25.40 लाख की कीमत वाली बाइक लांच कर दी है। यह मोटरसाइकिल Completely Built-Up (CBU) यूनिट के रूप में भारत लाई जा रही है और यहां इसका Pro वेरिएंट उपलब्ध होगा।
BMW R 12 G/S को खास तौर पर उन राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो सामान्य सड़कों के साथ ऑफ-रोड रास्तों पर भी मोटरसाइकिल चलाने का अनुभव लेना चाहते हैं। इसमें क्लासिक डिजाइन के साथ आधुनिक टेक्नोलॉजी और एडवेंचर से जुड़े फीचर्स दिए गए हैं।
BMW R 12 G/S का डिजाइन
BMW R 12 G/S के डिजाइन में कंपनी की पुरानी मोटरसाइकिल BMW R 80 G/S की झलक देखने को मिलती है। BMW R 80 G/S का प्रोडक्शन 1980 में शुरू हुआ था। कंपनी ने नई मोटरसाइकिल के जरिए अपनी ऑफ-रोड स्पोर्ट्स हिस्ट्री और बॉक्सर इंजन की विरासत को आगे बढ़ाया है।
मोटरसाइकिल में एंड्यूरो स्टाइलिंग, लंबा सस्पेंशन ट्रैवल, क्रॉस-स्पोक व्हील और कॉम्पैक्ट कॉकपिट फेयरिंग दी गई है। इसके अलावा, बाईं तरफ के एग्जॉस्ट सिस्टम में ऊपर की ओर लगा रियर साइलेंसर इसे अलग लुक देता है। इसका ओवरऑल डिजाइन क्लासिक और ऑफ-रोड मोटरसाइकिल के अंदाज को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
BMW R 12 G/S का इंजन
BMW R 12 G/S में 1,170cc का एयर/ऑयल-कूल्ड बॉक्सर इंजन दिया गया है। यह इंजन 7,000 rpm पर 109 hp की पावर और 6,500 rpm पर 115 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इसमें हाइड्रॉलिक ऑपरेटेड सिंगल-डिस्क ड्राई क्लच मिलता है। इसमें अलग ट्रांसमिशन हाउसिंग के साथ कॉन्स्टेंट-मेश 6-गियर गियरबॉक्स मिलता है। साथ ही कार्डन शाफ्ट ड्राइव भी दिया गया है।
BMW की बॉक्सर इंजन तकनीक की विरासत R 32 से जुड़ी है, जिसे कंपनी ने 1923 में पेश किया था। नई R 12 G/S में इसी विरासत को आधुनिक इंजीनियरिंग के साथ आगे बढ़ाया गया है। इसके अलावा, मोटरसाइकिल में एक पीस ट्यूबलर ब्रिज स्टील स्पेसफ्रेम दिया गया है। इसका मेन और रियर फ्रेम ट्यूबलर स्टील से तैयार किया गया है। रियर सेक्शन को मेन फ्रेम से बोल्ट के जरिए जोड़ा गया है। फ्रेम में दो रियर स्टील आईलेट्स भी दिए गए हैं, जिनका इस्तेमाल सामान बांधने के लिए किया जा सकता है।