बीएनपी महासचिव ने भारत से कहा, शेख हसीना को मुकदमे के लिए प्रत्यार्पित किया जाए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Aug 2024 08:53 PM
बीएनपी महासचिव ने भारत से कहा, शेख हसीना को मुकदमे के लिए प्रत्यार्पित किया जाए
ऑडियो सुनें

ढाका. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर देश में क्रांति (सरकार के खिलाफ प्रदर्शन) को बाधित करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को भारत से कहा कि हसीना को प्रत्यार्पित किया जाए ताकि उन पर मुकदमा चलाया जा सके.

हसीना (76) ने बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में विवादास्पद आरक्षण प्रणाली को लेकर अपनी सरकार के खिलाफ छात्रों और अन्य लोगों के भारी विरोध प्रदर्शन के बाद पांच अगस्त को इस्तीफा दे दिया था और भारत चली गई थीं. फखरुल के हवाले से ‘डेली स्टार’ अखबार ने लिखा, ”हमारी आपसे मांग है कि आपको उन्हें कानूनी तरीके से बांग्लादेश की सरकार के हवाले कर देना चाहिए. इस देश की जनता ने उन पर मुकदमे का फैसला किया है. उन पर मुकदमा चलने दें.”

पूर्व राष्ट्रपति और बीएनपी संस्थापक जिया-उर-रहमान की कब्र पर पुष्पचक्र चढ़ाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में फखरुल ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि भारत उन्हें शरण देकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता नहीं निभा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया, ”वहां रहते हुए उन्होंने बांग्लादेश में हुई क्रांति को बाधित करने की अनेक साजिश रची हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu