फिलीपीन में नौका में लगी आग, सभी 120 लोगों को बचाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Jun 2023 07:41 PM
फिलीपीन में नौका में लगी आग, सभी 120 लोगों को बचाया गया
ऑडियो सुनें

मनीला. फिलीपीन में एक नौका में रविवार तड़के आग लग गई, जिस पर कुल 120 लोग सवार थे. इन सभी को सुरक्षित बचा लिया गया और आग को भी बुझा दिया गया. तटरक्षक बल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. नौका पर सवार लोगों में 65 यात्री और चालक दल के 55 सदस्य थे.

तटरक्षक बल ने कहा कि सिक्विजोर प्रांत से मध्य फिलीपीन के बोहोल प्रांत जा रही नौका एम/वी एसपेरैंजा स्टार में रविवार तड़के आग लग गई. इसने बताया कि बचाव कार्य और आग बुझाने के लिए दो जहाज तैनात किए गए. बल द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में नौका के पिछले हिस्से से आग की लपटें और काला धुआं उठता दिखाई देता है, जबकि अन्य जहाज पर मौजूद तटरक्षक कर्मी आग बुझाने के लिए पानी की बौछार करते नजर आते हैं. इसमें मछली पकड़ने वाली एक नौका और एक अन्य जहाज भी दिखता है.

तटरक्षक बल की प्रवक्ता जॉय गुमाते ने एक बयान में कहा, ”नौका पर सवार सभी लोग सुरक्षित हैं.” हालांकि गुमाते ने आगे कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी. उन्होंने कहा कि बचाए गए लोगों को बोहोल प्रांत में बंदरगाह शहर टैगबिलारन लाया गया और जांच जारी है. लगातार आंधी, जहाजों के खराब रखरखाव, क्षमता से ज्यादा सवारियों को ढोने और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण फिलीपीन में खासकर सुदूरवर्ती प्रांतों में नौका हादसे बेहद आम हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu