राजस्थान में भारत-पाक सीमा के पास मिले नाबालिग लड़की और युवक के शव, पाक सिम कार्ड बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Jun 2025 10:03 PM
राजस्थान में भारत-पाक सीमा के पास मिले नाबालिग लड़की और युवक के शव, पाक सिम कार्ड बरामद
ऑडियो सुनें

जैसलमेर/पुंछ/जम्मू. राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक नाबालिग लड़की और एक युवक के क्षत-विक्षत शव बरामद किए गए हैं. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, शवों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों की मौत लगभग एक सप्ताह पहले हुई होगी. शव शनिवार को बरामद किए गए.

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक पाकिस्तानी सिम कार्ड और युवक का पहचानपत्र भी बरामद हुआ है, जिसकी पहचान रवि कुमार (18) के रूप में की गई है. जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि शव सादेवाला क्षेत्र में मिले हैं, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 10-12 किलोमीटर भीतर भारतीय क्षेत्र में स्थित है.

उन्होंने बताया कि शवों को रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में भेजा गया है और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक लड़की और युवक भारतीय नागरिक हैं या पाकिस्तानी. मामले की जांच की जा रही है.

जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया गया

भारतीय सेना ने रविवार को जम्मू कश्मीर के तारकुंडी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि उसे नियंत्रण रेखा पार कर इस ओर आने का प्रयास करते समय गिरफ्तार किया गया.

सेना के अधिकारी फिलहाल पाकिस्तानी नागरिक से पूछताछ कर रहे हैं, जिसकी पहचान मोहम्मद अरीब अहमद के रूप में हुई है. वह कोटली जिले के निकियाल तहसील के डेटोट के रहने वाले मोहम्मद यूसुफ का पुत्र है. सूत्रों ने कहा कि उसके कब्जे से कुछ सामान बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति को जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu