एशियाई खेलों में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे बोपन्ना और अंकिता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Jun 2023 08:15 PM
एशियाई खेलों में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे बोपन्ना और अंकिता
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. युगल विशेषज्ञ रोहन बोपन्ना एक बार फिर एशियाई खेलों की टेनिस स्पर्धा में भारतीय उम्मीदों के ध्वजवाहक होंगे. अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने मंगलवार को इन खेलों के लिए 12 सदस्यीय टीम की घोषणा की. एशियाई खेल 23 सितंबर से हांगजोऊ में शुरु होंगे. सुमित नागल ने 2018 एशियाई खेलों में रामकुमार रामनाथन के साथ युगल में खेलते हुए पदार्पण किया था. उनके और शशिकुमार मुकुंद के एकल खेलने की संभावना है.

वहीं 43 वर्षीय बोपन्ना के रामकुमार रामनाथन के साथ जोड़ी बनाने की पूरी उम्मीद है. युकी भांबरी और साकेत मायनेनी टीम में शामिल अन्य दो खिलाड़ी हैं जो एटीपी टूर पर बतौर जोड़ीदार खेल रहे हैं. महिलाओं के दल की अगुआई 2018 एशियाई खेलों की एकल कांस्य पदक विजेता अंकिता रैना करेंगी. टीम की अन्य सदस्य फॉर्म में चल रहीं करमन कौर थांडी, रूतुराज भोसले, सहजा यमलापल्ली, वैदेही चौधरी और प्रार्थना थोम्बरे हैं.

भारत ने जकार्ता में 2018 एशियाई खेलों में एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते थे जिसमें बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी ने कजाखस्तान के एलेक्सजैंडर बुलबिक और डेनिस येव्सेयेव को हराकर युगल स्वर्ण पदक जीता था. पुरुषों के एकल में प्रजनेश गुणेश्वरन ने कांस्य पदक जीता था.

पूर्व भारतीय खिलाड़ी रोहित राजपाल को कप्तान नियुक्त किया गया जबकि अंकिता भांबरी महिलाओं की टीम की कप्तान होंगी.
भारतीय दल में पुरुषों और महिलाओं के वर्ग में ज्यादातर खिलाड़ी वही हैं जिन्होंने पिछले एशियाई खेलों में हिस्सा लिया था. रामनाथन, नागल और बोपन्ना ने पिछले जकार्ता खेलों में हिस्सा लिया था. महिलाओं के वर्ग में पांच साल पहले जकार्ता में चार खिलाड़ी अंकिता, करमन, रूतुराज और प्रार्थना खेली थीं जबकि सहजा और वैदेही नयी खिलाड़ी हैं.

टीम इस प्रकार है :
पुरुष टीम: सुमित नागल, शशिकुमार मुकुंद, रामकुमार रामनाथन, युकी भांबरी, रोहन बोपन्ना और साकेत मायनेनी.
महिला टीम : अंकिता रैना, करमन कौर थांडी, रूतुराज भोसले, सहजा यमलापल्ली, वैदेही चौधरी और प्रार्थना थोम्बरे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu