मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर: सभी चारों भारतीय मुक्केबाज अगले दौर में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 May 2024 10:45 PM
मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर: सभी चारों भारतीय मुक्केबाज अगले दौर में
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. भारत के सचिन सिवाच (57 किग्रा), संजीत कुमार (92 किग्रा), अमित पंघाल (51 किग्रा) और जैस्मिन (महिला 57 किग्रा) ने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की ओर कदम बढ़ाते हुए गुरुवार को यहां मुक्केबाजी विश्व क्वालीफायर में अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ आसान जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई.

सचिन ने प्री क्वार्टर फाइनल में तुर्की के ओलंपियन बटुहान सिफ्टसी को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया. संजीत ने राउंड ऑफ 32 में वेनेजुएला के लुई सांचेज को इसी अंतर से मात दी. सचिन को पेरिस खेलों में क्वालीफाई करने के लिए दो और मुकाबले जीतने होंगे क्योंकि उनके 57 किग्रा वर्ग से सिर्फ तीन मुक्केबाजों को ओलंपिक में जगह मिलेगी. राउंड ऑफ 64 में संजीत को बाई मिली थी और उन्हें भी अब दो और मुक्केबाजों को हराना होगा क्योंकि उनके वजन वर्ग में सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले चारों मुक्केबाजों को पेरिस खेलों का कोटा मिलेगा.

अनुभवी मुक्केबाज के खिलाफ सचिन ने पहले राउंड से ही ताबड़तोड़ प्रहार किए और उनकी यह रणनीति कामयाब रही क्योंकि भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से ही दबदबा बना लिया. दूसरे राउंड में भी सचिन ने एकतरफा जीत दर्ज की. सिफ्टसी ने तीसरे और अंतिम राउंड में वापसी की कोशिश की लेकिन यह नाकाफी था क्योंकि सचिन मजबूत बढ़त बना चुके थे.

संजीत और सांचेज के बीच मुकाबले में भी भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई. एशियाई चैंपियनशिप 2021 के स्वर्ण पदक विजेता संजीत ने पहले राउंड में विरोधी को लय हासिल करने का कोई मौका नहीं दिया. सांचेज ने दूसरे और तीसरे राउंड में वापसी की कोशिश की लेकिन अनुभवी संजीत ने उनसे दूरी बनाए रखी और पलटवार पर मुक्के जड़ते हुए जीत दर्ज की.

फिर बाद में जैस्मिन ने अजरबेजान की माहसती हमजाएवा को महिला 57 किग्रा वर्ग के राउंड 32 मुकाबले में कोई मौका नहीं दिया और 5-0 से जीत हासिल की. इसके बाद राष्ट्रमंडल खेल 2022 के स्वर्ण पदक विजेता अमित पंघाल ने 51 किग्रा वर्ग में मेक्सिको के मॉरिसियो रुईज को 4-1 से शिकस्त दी. राष्ट्रीय चैम्पियन पंघाल पहले राउंड में थोड़ा दबाव में थे लेकिन फिर उन्होंने संभलते हुए मुकाबले का रूख ही पलट दिया और तीसरे तथा अंतिम राउंड में दमदार मुक्के जड़कर जीत हासिल की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu