गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार को करीब 10 निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों में पहुंचकर जांच शुरू की। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने धमकी को फर्जी बताया है। पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि बुधवार सुबह इन स्कूलों में बम धमाके किए जाएंगे। ईमेल भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया था। हालांकि, जांच में अभी तक इस संगठन से धमकी का कोई संबंध सामने नहीं आया है।
ईमेल में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1 नवंबर और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 21 नवंबर को बम धमाके करने की धमकी भी दी गई। इन दोनों तारीखों पर गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट होने हैं। ईमेल में लोगों को इन कार्यक्रमों में शामिल न होने की चेतावनी भी दी गई थी। अधिकारियों के अनुसार, अहमदाबाद में इससे पहले भी कई स्कूलों, अदालतों और अन्य संस्थानों को इसी तरह की फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जांच कर रही है।