मेरे बारे में कायम सभी धारणाएं तोड़ीं, खुद को बेहतर बनाया: शहनाज गिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Apr 2023 07:51 PM
मेरे बारे में कायम सभी धारणाएं तोड़ीं, खुद को बेहतर बनाया: शहनाज गिल
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेत्री एवं रिएलटी टीवी की कलाकार शहनाज गिल का कहना है कि रिएलटी शो ‘बिग बॉस’ के बाद उन्होंने मनोरंजन जगत में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की. शहनाज गिल फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ से हिंदी फिल्म जगत में अपने करियर की शुरुआत कर रही हैं. सलमान खान अभिनीत यह फिल्म गत शुक्रवार बड़े पर्दे पर रिलीज हुई. सलमान रिएलटी शो ‘बिग बॉस’ की मेजबानी करते हैं, जिसके 13वें सीजन में शहनाज ने हिस्सा लिया था.

शहनाज इससे पहले पंजाबी फिल्म ‘काला शाह काला’ और ‘हौसला रख’ में नजर आ चुकी हैं. अदाकारा ने कहा कि ‘बिग बॉस13’ में उन्हें उनकी कद-काठी के लिए दिए गए तानों ने उन्हें अपने ऊपर काम करने के लिए प्रेरित किया. शहनाज गिल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘मैंने खुद को बदला, खुद पर काम किया. जब लोगों ने मुझे अच्छी सलाह दी, मैंने उस पर गौर किया और खुद को बेहतर बनाया. मैंने वजन कम किया क्योंकि ‘बिग बॉस’ में मुझे मोटापे को लेकर काफी ताने दिए जाते थे… इसके बाद मैंने अपना रहन-सहन (स्टाइल) बदला क्योंकि लोगों को लगता था कि मैं सिर्फ सलवार-कमीज ही पहन सकती हूं. मैंने मेरे बारे में कायम सभी धारणाएं तोड़ी और ऐसा करती रखूंगी ताकि आगे बढ़ती रहूं.’’ शहनाज ने कहा कि सलमान खान ने ‘बिग बॉस’ के समय से ही उनका काफी साथ दिया.

उन्होंने कहा, ‘‘ सर (सलमान) हमेशा मुझे कहते थे कि ‘तुम कर सकती हो, तुम में क्षमता है, खुद पर काम करो’ . उन्होंने हमेशा मुझे सहज महसूस कराया. मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला.’’ फरहाद सामजी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ का निर्माण ‘सलमान खान फिल्म्स’ (एसकेएफ) के बैनर तले किया गया है. फिल्म में सलमान खान के अलावा तेलुगु अभिनेता वेंकटेश, पूजा हेगड़े, जगपति बाबू, भूमिका चावला, विजेंदर सिंह, राघव जुयाल, सिद्धार्थ निगम, जस्सी गिल, पलक तिवारी और विनाली भटनागर जैसे कलाकार भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu