बीएसएनएल जून 2025 तक 5जी नेटवर्क पर चली जाएगी: सिंधिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Oct 2024 10:21 PM
बीएसएनएल जून 2025 तक 5जी नेटवर्क पर चली जाएगी: सिंधिया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल अगले साल मई तक एक लाख बेस स्टेशनों के जरिए देश में विकसित 4जी तकनीक को लागू करने का काम पूरा कर लेगी. केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी इसके बाद जून 2025 तक 5जी नेटवर्क पर चली जाएगी. उन्होंने अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच में कहा कि भारत 4जी में दुनिया के नक्शेकदम पर चला, 5जी में दुनिया के साथ चल रहा है और 6जी तकनीक में दुनिया का नेतृत्व करेगा. मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बात को लेकर बिल्कुल स्पष्ट हैं कि सरकारी कंपनी किसी और के उपकरण का इस्तेमाल नहीं करेगी.

सिंधिया ने कहा, ”अब हमारे पास एक प्रमुख और एक रेडियो एक्सेस नेटवर्क है, जो पूरी तरह से काम कर रहा है. हमारे पास अगले साल अप्रैल-मई तक एक लाख साइट की योजना है. हमने कल तक 38,300 साइट शुरू कर दी हैं.” उन्होंने कहा, ”हम अपना खुद का 4जी नेटवर्क शुरू करने जा रहे हैं, जो जून 2025 तक 5जी पर चला जाएगा. हम ऐसा करने वाले दुनिया के छठे देश होंगे.” बीएसएनएल सरकारी कंपनी सी-डॉट और घरेलू आईटी कंपनी टीसीएस के गठजोड़ द्वारा विकसित 4जी तकनीक का उपयोग कर रही है. सिंधिया ने कहा कि भारत ने 22 महीनों में 4.5 लाख टावरों की स्थापना के साथ दुनिया में सबसे तेजी से 5जी तकनीक को लागू किया और देश की 80 प्रतिशत आबादी के लिए ये सेवा उपलब्ध है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu