बुमराह करेंगे आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की अगुवाई, प्रसिद्ध कृष्णा की भी वापसी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 31 Jul 2023 10:31 PM
बुमराह करेंगे आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की अगुवाई, प्रसिद्ध कृष्णा की भी वापसी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली.चोटिल होने के कारण पिछले लंबे समय से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आयरलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए सोमवार को कप्तान के रूप में भारतीय टीम में वापसी की जो आईसीसी वनडे विश्व कप से पहले भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए अच्छी खबर है.

भारत डबलिन के मालहाइड में 18, 20 और 23 अगस्त को तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा. बुमराह का पीठ की चोट के लिए न्यूजीलैंड में ऑपरेशन किया गया था और वह पिछले कुछ समय से राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन पर थे. भारतीय तेज गेंदबाजी के अगुआ बुमराह ने भारत की तरफ से अपना आखिरी मैच पिछले साल सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 के रूप में खेला था.

बुमराह की कप्तान और तेज गेंदबाजी के अगुआ के रूप में दोहरी भूमिका को लेकर चर्चा हुई. पीटीआई को पता चला है कि यह 29 वर्षीय क्रिकेटर आयरलैंड दौरे के दौरान दोहरी भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित था. बुमराह को भारत की अगुवाई करने का अनुभव है. उन्होंने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ र्बिमंघम टेस्ट मैच में भारत की कप्तानी की थी.

चयनकर्ताओं ने कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को भी टीम में शामिल किया है. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने भारत की तरफ से अपना अंतिम मैच पिछले साल अगस्त में जिंबाब्वे के खिलाफ हरारे में वनडे के रूप में खेला था. इसके बाद उन्होंने स्ट्रेस फ्रैक्चर के लिए ऑपरेशन करवाया था.

बुमराह और प्रसिद्ध के लिए आयरलैंड दौरा खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार करने के रूप में देखा जा रहा है. इसके बाद इन दोनों का श्रीलंका में अगस्त और सितंबर में खेले जाने वाले एशिया कप के लिए टीम में जगह बनाना तय है. रुतुराज गायकवाड को टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया है. कई नियमित खिलाड़ियों को टीम में नहीं चुना गया है जिनमें हार्दिक पंड्या और शुभमन गिल भी शामिल हैं.

पंड्या और गिल की एशिया कप के लिए टीम में वापसी तय है. अभी यह दोनों वेस्टइंडीज में एकदिवसीय श्रृंखला खेल रहे हैं. आयरलैंड का दौरा कई खिलाड़ियों के लिए अच्छा मौका होगा क्योंकि इनमें से कई खिलाड़ी एशियाई खेलों की टीम में भी शामिल हैं.
यह दौरा संजू सैमसन के लिए भी खुद को साबित करने का एक और अवसर प्रदान करेगा.

चोटिल केएल राहुल और श्रेयस अय्यर हालांकि टीम में वापसी नहीं कर पाए. यह दोनों खिलाड़ी ऑपरेशन करवाने के बाद रिहैबिलिटेशन पर हैं. भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने हाल में कहा था कि राहुल और श्रेयस ने नेट पर बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया है.
इस बीच विश्वकप के संभावित खिलाड़ी एशिया कप के लिए श्रीलंका रवाना होने से पहले एनसीए में एक सप्ताह तक चलने वाले अभ्यास शिविर में भाग लेंगे. इस शिविर के दौरान उनकी फिटनेस का भी आकलन किया जाएगा.

आयरलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: जसप्रीत बुमराह (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उप कप्तान), यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, अवेश खान.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu