सपा नेता समेत दो लोगों पर युवती के अपहरण के आरोप में मामला दर्ज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 30 Sep 2024 12:20 PM
सपा नेता समेत दो लोगों पर युवती के अपहरण के आरोप में मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया में समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता एवं जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष आचार्य शंभू नाथ यादव समेत दो लोगों के विरुद्ध एक युवती के अपहरण के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। रसड़ा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने सोमवार को बताया कि उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 22 वर्षीय युवती के पिता की तहरीर पर सपा नेता और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष आचार्य शंभू नाथ यादव और पंकज यादव उर्फ अर्पित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने इस मामले में दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता का दावा है कि उसकी बेटी 25 सितंबर को आचार्य शंभू नाथ यादव के घर गई थी और उसके बाद से वह लापता है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि शंभू नाथ यादव के सहयोग से पंकज यादव उर्फ अर्पित ने युवती का अपहरण कर लिया।

कुरैशी ने बताया कि तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आचार्य शंभू नाथ यादव की आपराधिक पृष्ठभूमि है और शिकायतकर्ता को डर है कि कहीं उसकी पुत्री की हत्या न कर दी जाय। उन्होंने बताया कि पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। सपा की जिला इकाई के प्रवक्ता सुशील पांडे ने स्वीकार किया है कि आचार्य शंभू नाथ यादव सपा का नेता है और जिला सहकारी बैंक का अध्यक्ष रह चुका है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav