साहू के परिसरों से नकदी बरामदगी: आवास पर जमीन के नीचे तलाशी के लिए ‘रडार’ मशीन लगाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Dec 2023 06:28 PM
साहू के परिसरों से नकदी बरामदगी: आवास पर जमीन के नीचे तलाशी के लिए ‘रडार’ मशीन लगाई
ऑडियो सुनें

रांची. कांग्रेस सांसद धीरज साहू के परिवार के स्वामित्व वाले ओडिशा की शराब कंपनी के खिलाफ आयकर विभाग ने अपनी कार्रवाई के तहत रांची में उनके आवास में जमीन के नीचे तलाश करने वाली ‘रडार’ मशीन लगायी है. आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. इस तलाशी में आयकर विभाग अबतक 351 करोड़ रुपय बरामद कर चुका है.

राज्य की राजधानी रांची में उनके निवास पर मंगलवार रात तक इस मशीन की मदद से हर कोने को खंगाला गया. आयकर विभाग को संदेह है कि संभवत: जमीन के नीचे भी कुछ चीज दबी हो सकती हैं. जिस जगह तलाशी चल रही है, वह साहू का संयुक्त पारिवारिक आवास है. केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआरपीएफ) की एक टुकड़ी इस आवास पर तैनात की गई है. सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि तलाशी के दौरान अभी तक मशीन को जमीन के नीचे कुछ नहीं मिला है.

आयकर विभाग भुवनेश्वर मुख्यालय वाली कंपनी बौद्ध डिस्टिलियरी प्राइवेट लिमिटेड (बीडीपीएल) के खिलाफ छापेमारी में अबतक 351 करोड़ रुपये बरामद कर चुका है. कंपनी के कथित कर चोरी और ”आउट ऑफ द बुक (जिसका लेखा-जोखा कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड में नहीं हो)” लेन-देन के आरोप में छह दिसंबर को आयकर विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की थी.

इस कंपनी का प्रवर्तक कांग्रेस सांसद साहू का परिवार है. न तो सांसद और न ही कंपनी ने आयकर विभाग की कार्रवाई पर अबतक कोई बयान या प्रतिक्रिया दी है. विभाग ने ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 30-34 परिसरों की तलाशी की और इस दौरान करीब तीन किलोग्राम सोना भी जब्त किया जा चुका है. कांग्रेस ने यह कहते हुये अपने सांसद से दूरी बना ली है कि पार्टी का उनके कारोबार से कोई लेना -देना नहीं है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu