कावेरी विवाद: कन्नड़ समर्थक संगठनों ने 13 अगस्त को कर्नाटक बंद का आह्वान किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 31 Jul 2026 02:37 PM
कावेरी विवाद: कन्नड़ समर्थक संगठनों ने 13 अगस्त को कर्नाटक बंद का आह्वान किया

ऑडियो सुनें

बेंगलुरु: कन्नड़ समर्थक संगठनों ने शुक्रवार को कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) के उस निर्देश के विरोध में 13 अगस्त को पूरे कर्नाटक में बंद का आह्वान किया, जिसमें राज्य को तमिलनाडु के लिए 15 दिनों तक प्रतिदिन 3,500 क्यूसेक पानी छोड़ने को कहा गया है।

तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी छोड़े जाने के विरोध में रणनीति तय करने के उद्देश्य से बेंगलुरु में कन्नड़ समर्थक कार्यकर्ता वताल नागराज के नेतृत्व में विभिन्न कन्नड़ समर्थक संगठनों की बैठक के बाद यह घोषणा की गई। यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक ‘कर्नाटक बंद’ रखा जाएगा।

आम जनता से इस बंद में सहयोग और समर्थन देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, ”आइए हम सब मिलकर बेलगावी से लेकर चामराजनगर तक ‘कर्नाटक बंद’ को पूरी तरह सफल बनाएं।” नागराज ने राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे अपने राजनीतिक लाभ के लिए कावेरी जल आदेश का इस्तेमाल कर रहे हैं।

विभिन्न संगठनों ने तमिलनाडु को कावेरी जल छोड़े जाने का विरोध करते हुए दलील दी है कि कर्नाटक खुद जल संकट का सामना कर रहा है और ऐसे में पानी छोड़ने से राज्य के किसानों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण ने तमिलनाडु को रोजाना 15 दिन तक 3,500 क्यूसेक पानी देने की कावेरी जल विनियमन समिति की सिफारिश को बरकरार रखा है।

By Nandkishoryadav