द्रौपदी मुर्मू की जीत पर गृह नगर में जश्न का माहौल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Jul 2022 09:12 PM
द्रौपदी मुर्मू की जीत पर गृह नगर में जश्न का माहौल
ऑडियो सुनें

रायरंगपुर (ओडिशा). राष्ट्रपति पद की दौड़ में विजेता बनकर उभरी‘‘ओडिशा की बेटी’’ द्रौपदी मुर्मू के गृह नगर रायरंगपुर समेत पूरे राज्य में जश्न का माहौल है. मयूरभंज जिले के रायरंगपुर शहर स्थित मुर्मू के आवास के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा है और वे आदिवासी संगीत पर थिरक रहे हैं. उत्सव का ऐसा ही नजारा जिले के पहाड़पुर गांव में भी देखने को मिला जोकि मुर्मू का ससुराल है.

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार मुर्मू का समर्थन करने वाले ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ताओं समेत आम लोगों ने रायरंगपुर में मिठाइयां बांटी और पटाखे फोड़कर खुशी जतायी. भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने मुर्मू की जीत पर जश्न मनाया.

रायरंगपुर की स्थानीय निवासी सौदामिनी दास ने कहा, ‘‘हमारे पास मुर्मू पर गर्व करने के कारण हैं. वह हमें बहुत प्यारी है, उन्होंने हमारे साथ, हमारे सुख-दुख साझा किए हैं.’’ राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत पर उन्हें बधाइयां मिलनी शुरू हो गई हैं . वहीं, मुर्मू की जीत से उत्साहित लोगों ने उत्तरी पश्चिम बंगाल के दुआर्स इलाके के चाय बागानों में जश्न मनाया. बागान में चाय तोड़ने का काम करने वाली ज्यादातर महिलाएं संथाल समुदाय की हैं जोकि अपना काम खत्म करने के बाद आदिवासी धुन पर नृत्य करती दिखीं. मुर्मू भी संथाल समुदाय से ताल्लुक रखती हैं. जलपाईगुड़ी से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित डंगुआझार चाय बागान में भी पुरुषों ने लोक संगीत बजाया और महिलाओं ने जमकर नृत्य किया.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu