मशहूर हस्ती अपहरण मामला: अंतिम वांछित आरोपी ने बिजनौर में किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Dec 2024 08:58 PM
मशहूर हस्ती अपहरण मामला: अंतिम वांछित आरोपी ने बिजनौर में किया आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

बिजनौर. अभिनेता मुश्ताक खान और हास्य कलाकार सुनील पाल के अपहरण में शामिल गिरोह के अंतिम वांछित सदस्य ने बुधवार को बिजनौर के एक थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. अधिकारियों के अनुसार आरोपी शुभम अपनी मां के साथ आत्मसमर्पण करने के लिए आया था.

अपर पुलिस अधीक्षक संजीव बाजपेयी ने कहा, “बिजनौर में अभिनेता मुश्ताक खान और मेरठ में कॉमेडियन सुनील पाल के अपहरण मामलों में वांछित शुभम ने अपनी मां के साथ आत्मसमर्पण कर दिया. उस पर दोनों जिलों में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था.” उन्होंने कहा, “उससे पूछताछ की जाएगी और उसे अदालत में पेश किया जाएगा.” थानाध्यक्ष उदय प्रताप ने कहा कि शुभम की मां ने थाने में अपने बेटे की जान बख्शने की अपील की और आत्मसमर्पण के दौरान उसके साथ रही.

पुलिस के अनुसार ‘हाई-प्रोफाइल’ अपहरण के लिए जिम्मेदार गिरोह में 10 सदस्य शामिल थे. पुलिस के अनुसार इनमें से नौ को बिजनौर पुलिस ने गिरफ्तार किया, जबकि 10वें अर्जुन कर्णवाल को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार किया. पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने संवाददाताओं को बताया कि 15 अक्टूबर को मुख्य आरोपी लवी उर्फ राहुल सैनी ने फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान को 20 नवंबर को मेरठ में एक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था जिसमें अग्रिम भुगतान के रूप में 25,000 रुपये और एक हवाई जहाज का टिकट देने की पेशकश की गई थी.

उन्होंने कहा, “20 नवंबर को मुश्ताक खान को दिल्ली हवाई अड्डे से एक कार बैठाया गया और बिजनौर लाया गया, जहां उसे लवी पाल के चाहशीरी स्थित एक घर में बंधक बना लिया गया.” उन्होंने कहा कि मुश्ताक किसी तरह एक दिन बाद भागने में सफल रहा. उन्होंने बताया कि इसी तरह पुलिस के अनुसार सुनील पाल को भी दो दिसंबर को एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के बहाने बुलाकर कथित रूप से अगवा कर लिया गया था.

अपहरणकर्ताओं ने उन्हें करीब 24 घंटे तक बंधक बनाए रखा और आठ लाख रुपये की फिरौती वसूलने के बाद ही छोड़ा. इसके बाद सुनील की पत्नी ने मुंबई में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई, जिसे बाद में मेरठ के लाल कुर्ती पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया और स्थानीय पुलिस ने दावों की जांच शुरू कर दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu