केंद्र गंगासागर मेले को उचित मान्यता नहीं दे रहा: ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Jan 2024 08:00 PM
केंद्र गंगासागर मेले को उचित मान्यता नहीं दे रहा: ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

सागर द्वीप. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि हालांकि गंगासागर मेला दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक उत्सवों में से एक है लेकिन केंद्र ने इसे उचित मान्यता नहीं दी है. दक्षिण 24 परगना जिले के सागर द्वीप में एक आधिकारिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनकी सरकार है जो केंद्र से कोई मदद नहीं मिलने के बावजूद वार्षिक आयोजन के लिए काम कर रही है.

उन्होंने कहा, ”कुंभ मेला एक बड़ा मेला है और इसे केंद्र से पूरी मदद मिलती है. हमें यह भी याद रखना चाहिए कि कुंभ मेला स्थल सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है. गंगासागर मेला एक द्वीप पर आयोजित होता है और यह दुनिया में इस तरह के सबसे बड़े मेलों में से एक है लेकिन मुझे नहीं पता कि केंद्र ने अब तक इसे उचित मान्यता क्यों नहीं दी है.” बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार द्वीप को मुख्य भूमि से जोड़ने के लिए एक पुल बनाने पर काम कर रही है.

उन्होंने कहा, ”केंद्र से कोई मदद नहीं मिली है. यह हमारी सरकार है जो सबकुछ कर रही है.” बनर्जी ने दोपहर के समय मेले की तैयारियों की समीक्षा की और कई विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया. मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाला गंगासागर मेला 17 जनवरी तक चलेगा. इस वर्ष देश भर से लगभग 40 लाख लोगों के मेले में शामिल होने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu