छत्तीसगढ़ को मिले 15,184 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Dec 2024 10:49 PM
छत्तीसगढ़ को मिले 15,184 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. छत्तीसगढ़ को सेमीकंडक्टर, इले्ट्रिरक वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में शीर्ष कंपनियों से 15,184 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. सोमवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपतियों ने यहां एक निवेशक बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ राज्य में निवेश के अवसरों का पता लगाने के लिए विस्तृत चर्चा की. विभिन्न क्षेत्रों के निवेशकों ने राज्य में कारोबार स्थापित करने में गहरी रुचि दिखाई. संभावित निवेश राज्य के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा और हजारों रोजगार के अवसर पैदा करेगा.

सबसे अधिक 11,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव रिन्यू पावर लिमिटेड से आया. कंपनी के चेयरमैन और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुमंत सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पंप स्टोरेज और हरित हाइड्रोजन परियोजनाएं स्थापित करने की योजना है.
इसके अलावा टीडब्ल्यूआई समूह ने 1,650 करोड़ रुपये, पॉलिमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने 1,134 करोड़ रुपये, टेलीपरफॉर्मेंस ने 300 करोड़ रुपये, वरुण बेवरेजेज ने पेप्सिको बॉटलिंग संयंत्र में 250 करोड़ रुपये के निवेश की मंशा जताई है.

पैरामाउंट कम्युनिकेशंस के प्रवीण गुप्ता ने 250 करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 1,000 नौकरियों को सुनिश्चित करने का वादा किया जबकि माइक्रोमैक्स के राजेश अग्रवाल ने सौर सेल विनिर्माण इकाई में 100 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा. मुख्यमंत्री ने निवेश प्रक्रिया को सरल और तेज करने के राज्य के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा, ”उद्योग विभाग ने अधिकतम तीन स्तरों और सात दिन की समयसीमा के साथ सब्सिडी जारी करने को सुव्यवस्थित किया है. यह एक त्वरित और कुशल अनुमोदन प्रणाली सुनिश्चित करता है.” उन्होंने निवेशकों को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया और समय पर मंजूरी प्रदान करने और कारोबार सुगमता के लिए राज्य की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu