छत्तीसगढ़: माओवादी ‘समर्थक’ होने के आरोप में स्कूल शिक्षक गिरफ्तार, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jan 2024 07:04 PM
छत्तीसगढ़: माओवादी ‘समर्थक’ होने के आरोप में स्कूल शिक्षक गिरफ्तार, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

मानपुर. छत्तीसगढ़ के मोहला मपनूर अंबागढ़ चौकी जिले में 25 वर्षीय एक स्कूल शिक्षक को माओवादी समर्थक होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. गिरफ्तारी से नाराज स्कूली बच्चों सहित ग्रामीणों के एक समूह ने शिक्षक की रिहाई की मांग करते हुए यहां एक थाने के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

एक अधिकारी ने बताया कि रामलाल नुरेटी को शनिवार को मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कारेकट्टा गांव से गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने बताया कि आरोपी पिछले साल सितंबर में इलाके में माओवादियों के बैनर और पोस्टर लगाने में कथित तौर पर शामिल था.
अधिकारी ने बताया कि सीतागांव थाना क्षेत्र के महका गांव का रहने वाला आरोपी कारेकट्टा गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में संविदा के आधार पर नियुक्त अतिथि शिक्षक के रूप में काम करता है.

उन्होंने बताया कि पिछले साल 15 सितंबर को पुलिस ने मदनवाड़ा इलाके से पोस्टर और बैनर बरामद किए थे, जिसमें माओवादियों ने गैरकानूनी आंदोलन की 19वीं वर्षगांठ मनाने की अपील की थी. अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि नुरेटी इस कृत्य में शामिल था और पुलिसकर्मी उस पर नजर रख रहे थे.

उन्होंने बताया कि जांच और तकनीकी सबूतों से आरोपी की अपराध में संलिप्तता की पुष्टि हुई, जिसके बाद सीतागांव की पुलिस ने उसे पकड़ लिया. अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान नुरेटी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन बाद में उसने माओवादी पोस्टर और बैनर लगाने की बात स्वीकार ली, जिसके बाद उसे छत्तीसगढ़ विशेष सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम 2005 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और स्थानीय अदालत में पेश किया गया. उन्होंने बताया कि आरोपी को राजनांदगांव जिला जेल भेज दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu