मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 9 सितम्बर को मेकाहारा के अंतर्गत 700 बिस्तर अस्पताल का करेंगे भूमिपूजन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Sep 2023 10:14 PM
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 9 सितम्बर को मेकाहारा के अंतर्गत 700 बिस्तर अस्पताल का करेंगे भूमिपूजन
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 9 सितम्बर को पूर्वान्ह 11.30 बजे पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर के डायमंड जुबली कार्यक्रम के तहत मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध डॉ. बी.आर. अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के अंतर्गत 700 बिस्तरीय एकीकृत नवीन चिकित्सालय भवन का भूमिपूजन करेंगे. इस भवन का निर्माण 325 करोड़ रूपए की लागत से किया जाएगा. उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे. मुख्यमंत्री कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के ‘‘डायमंड जुबली समारोह‘‘ के शुभारंभ के साथ ‘‘छत्तीसगढ़ इंटर मेडिकल कॉलेज टेबल टेनिस स्पर्धा‘‘ का भी उद्घाटन करेंगे.

मेडिकल कॉलेज रायपुर के सभागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, लोकसभा सांसद सुनील सोनी, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, विधायक सत्यनारायण शर्मा, बृजमोहन अग्रवाल, कुलदीप जुनेजा, महापौर रायपुर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे और जिला पंचायत रायपुर अध्यक्ष श्रीमती डोमेश्वरी वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप एकीकृत नवीन चिकित्सालय भवन के बन जाने से स्वास्थ्य संबंधी आधुनिक सुविधाएं प्रदेशवासियों को उपलब्ध हो सकेंगी. मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सभी बुनियादी सुविधाएं इस परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार का यह एक बड़ा कदम है.

इस अस्पताल के बनने से राजधानी के नागरिकों को अत्याधुनिक सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल की सुविधा मिल सकेगी. डॉ. भीमराव स्मृति चिकित्सालय रायपुर में बनने वाले 700 बिस्तर के इस अस्पताल में बेसमेंट फ्लोर, लोवर ग्राउंड फ्लोर तथा भूतल के अलावा सात तल होंगे. इस अस्पताल में सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल की सभी सुविधाएं मरीजों को मिलेंगी. इस एकीकृत नवीन चिकित्सालय भवन का निर्माण 70 हजार 896 वर्ग मीटर में होगा. भवन में फायर फाइटिंग सिस्टम, एचवीएसी सिस्टम, आईबीएमएस सिस्टम आदि का प्रावधान किया गया है.

भवन में बेसमेंट फ्लोर 8828 वर्ग मीटर का, भूतल 7500 वर्ग मीटर का, प्रथम तल से पंचम तल तक 7274 वर्ग मीटर, षष्ठम तल मय आट्रियम रूफ स्ट्रक्चर 8728 वर्ग मीटर, सातवां तल 640.57 वर्ग मीटर का होगा. नींव को इस रूप में तैयार किया गया है कि भविष्य में सातवें फ्लोर और आठवें फ्लोर को जरूरत के दृष्टिकोण से विकसित किया जा सकता है.

मेडिकल कॉलेज रायपुर का शुभारंभ 09 सितम्बर 1963 को हुआ था. इस वर्ष मेडिकल कॉलेज रायपुर की डायमंड जुबली है. मुख्यमंत्री बघेल डायमंड जुबली समारोह के शुभारंभ के साथ ही छत्तीसगढ़ अंतर चिकित्सा महाविद्यालयीन टेबल टेनिस स्पर्धा का भी उद्घाटन करेंगे. अंतर चिकित्सा महाविद्यालयीन इस स्पर्धा में प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज एवं एम्स रायपुर की टीम शिरकत करेंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu