मुख्यमंत्री ने नक्सल घटनाओं पर मुख्य सचिव, डीजीपी को बुलाकर ली आकस्मिक बैठक, नक्सलियों से सख्ती से निपटने दिये निर्देश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Dec 2023 06:38 PM
मुख्यमंत्री ने नक्सल घटनाओं पर मुख्य सचिव, डीजीपी को बुलाकर ली आकस्मिक बैठक, नक्सलियों से सख्ती से निपटने दिये निर्देश
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुकमा जिले में नक्सल घटना की कड़ी निंदा करते हुए शहीद जवान सुधाकर रेड्डी को श्रद्धांजली अर्पित की है, साथ ही शहीद जवान के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की निर्देश दिये हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों की शहादत को व्यर्थ नही जाने देंगे. उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार बदलने के बाद से नक्सली बौखलाहट में है.

हमारी सरकार नक्सल समस्या को केंद्र सरकार के सहयोग से पूरी तरह खत्म करेगी. नक्सली घटना के समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री ने अपने निवास कार्यालय में मुख्य सचिव, डीजीपी एवं अन्य अधिकारियों की आकस्मिक बैठक ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि नक्सलियों के विरूद्ध चलाये जा रहे ऑपरेशन में तेजी लाये एवं उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं डीजीपी नक्सलियों के विरूद्ध चलाये जा रहे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग करें.

उल्लेखनीय है कि सुकमा जिले में नक्सल घटना में जवान के शहीद होने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में मुख्य सचिव, डीजीपी समेत उच्च अधिकारियों की आकस्मिक बैठक ली जिसमें खुफिया विभाग के बड़े अधिकारी उपस्थित रहे.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहीद सुधाकर रेड्डी की शहादत को किया नमन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिले के जगरगुंडा में सीआरपीएफ के 165वीं बटालियन की माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए सब इंस्पेक्टर सुधाकर रेड्डी की शहादत को नमन किया है. उन्होंने घटना पर गहन शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार जनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने घटना में घायल जवान रामू के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. रामू को उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu