मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी को कोलकाता की घटना के बारे में बोलने की चुनौती दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Sep 2024 09:06 PM
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी को कोलकाता की घटना के बारे में बोलने की चुनौती दी
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी पर अमेरिका में भारत को शर्मसार करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को कोलकाता और कांग्रेस शासित राज्यों की आपराधिक वारदातें दिखाई नहीं देतीं.
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में अपनी दो महिला मित्रों के साथ पिकनिक मना रहे दो युवा सैन्य अधिकारियों पर हमले और इस समूह में शामिल एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में राहुल गांधी ने सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)पर तीखा हमला बोला है.

मुख्यमंत्री यादव ने गांधी पर पलटवार करते हुए कटनी में संवाददाताओं से कहा,”यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि राहुल गांधी अमेरिका में देश (भारत) को लज्जित करने का काम कर रहे हैं. उन्हें कोलकाता और कांग्रेस शासित राज्यों में क्या हो रहा है, यह दिखता नहीं है और वह इस पर कभी बात नहीं करते.” यादव ने कहा कि अगर राहुल गांधी में हिम्मत है, तो वह कोलकाता और कांग्रेस शासित राज्यों की आपराधिक वारदातों के बारे में बात करके बताएं. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस शासित पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक अस्पताल में प्रशिक्षु महिला चिकित्सक से कथित बलात्कार के बाद उसकी हत्या की वारदात की ओर स्पष्ट इशारा करते हुए यह बात कही.

यादव ने राहुल गांधी के अमेरिका दौरे का जिक्र करते हुए तंज कसा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता के पास ”काफी फुर्सत” है. मुख्यमंत्री ने इंदौर जिले में हुई वारदात को लेकर कहा कि उनकी सरकार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई के जरिये गिरफ्तारियां की हैं. उन्होंने कहा,”हमारी सरकार ऐसे मामलों में बहुत सख्त है. आरोपी कोई भी हो, वह कार्रवाई से नहीं बचेगा और कानून अपना काम करेगा.” मुख्यमंत्री अलग-अलग विकास परियोजनाओं की शुरुआत के लिए कटनी के दौरे पर थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu