अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डॉ. रामविलास वेदांती को दी श्रद्धांजलि

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख नेता रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती को श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. वेदांती का एक दिन पहले हृदयाघात के कारण निधन हो गया था।

मुख्यमंत्री ने वशिष्ठ आश्रम के संत डॉ. रामविलास वेदांती को पुष्पांजलि अर्पित की। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आज श्री अयोध्या धाम में पूर्व सांसद एवं वशिष्ठ आश्रम के पूज्य संत, ब्रह्मलीन डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘‘राम काज व राष्ट्र सेवा’ हेतु सर्मिपत उनका संपूर्ण त्यागमय जीवन हम सभी के लिए सदैव स्मरणीय और प्रेरणाप्रद रहेगा। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।’’

अधिकारियों के अनुसार, अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। 67 वर्षीय डॉ. रामविलास वेदांती का सोमवार को मध्यप्रदेश के रीवा जिले के एक अस्पताल में निधन हो गया था। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका रीवा में उपचार किया जा रहा था।

अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि असपताल में भर्ती के समय उन्हें रक्त विषाक्तता (सेप्टीसीमिया) का गंभीर संक्रमण था, जो अत्यधिक फैल चुका था और इसके कारण उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। श्रीराम जन्मभूमि न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष रहे डॉ. वेदांती का जन्म सात अक्टूबर 1958 को रीवा जिले के गुढ़वा (गुढ़) में हुआ था। वह लंबे समय तक श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े रहे और अयोध्या में रहकर आंदोलन का नेतृत्व किया।

वे उत्तर प्रदेश के मछलीशहर (1996 से 1998) और प्रतापगढ़ (1998 से 1999) से लोकसभा सदस्य रहे।
वेदांती के उत्तराधिकारी महंत राघवेश दास ने बताया कि वेदांती अयोध्या में ंिहदू धाम नया घाट पर रहते थे और ‘वशिष्ठ भवन’ नाम से उनका एक आश्रम भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button