मुख्यमंत्री योगी ने चेताया-हिंदू आस्था से खिलवाड़ की छूट नहीं देंगे, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, पढ़ें-पूरा भाषण

सहारनपुर: सहारनपुर से ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें बेसिक शिक्षा परिषद के इस अभियान की शुरुआत करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान जब नन्हे-मुन्ने बच्चों को स्कूल जाने के लिए तैयार होते और उनके हाथों में नए स्कूल बैग दिए जाते देखा, तो यह दृश्य बेहद सुखद लगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘यह बैग केवल एक स्कूल बैग नहीं है, बल्कि नए भारत की वह उड़ान है, जिसके सहारे यही बच्चे विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे।’

‘मजबूत विरासत पर ही विकसित भारत की नींव रखी जा सकती है’: मुख्यमंत्री योगी
सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है, वही विकसित भारत की आधारशिला बनेंगी। उन्होंने कहा कि मजबूत विरासत की मजबूत नींव पर ही सुदृढ़ विकास का निर्माण संभव है और विकसित व आत्मनिर्भर भारत के लिए विरासत और विकास के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने लोगों को याद दिलाया कि 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहारनपुर आए थे और दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया था। उन्होंने कहा कि करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस ग्रीनफील्ड कॉरिडोर ने सहारनपुर की देश की राजधानी दिल्ली से कनेक्टिविटी को काफी बेहतर बनाया है। अब सहारनपुर से दिल्ली की यात्रा करीब डेढ़ घंटे में पूरी हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास केवल सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था को भी नई गति देता है। उन्होंने कहा कि जितनी बेहतर सड़कें और कनेक्टिविटी होगी, विकास की रफ्तार उतनी तेज होगी और अर्थव्यवस्था भी उतनी ही मजबूत होकर आगे बढ़ेगी।

सहारनपुर को जल्द मिलेगा अपना एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज का दूसरा चरण भी शुरू’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी के बाद अब सहारनपुर हवाई कनेक्टिविटी के लिए भी तैयार हो रहा है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर को जल्द अपना एयरपोर्ट मिलेगा, जिससे लोगों को दिल्ली या देहरादून जाकर उड़ान भरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि अब सहारनपुर से ही हवाई सेवाएं शुरू होंगी और यह जिले के नए विकास की आधारशिला बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में मेडिकल कॉलेज के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी जा रही है। इसके अलावा शहर में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और सीवेज प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की भी आधारशिला रखी जा रही है, ताकि नालों में बिना शोधन के गंदा पानी न बहे।

उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के जरिए विकास कैसे किया जाता है, इसका उदाहरण आज सहारनपुर बन रहा है।

‘सहारनपुर की वुड कार्विंग वैश्विक पहचान बना रही, 600 करोड़ से अधिक का निर्यात’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सहारनपुर के कारीगरों और हस्तशिल्पियों ने अपनी पारंपरिक वुड कार्विंग कला को जीवित रखा। उन्होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP)’ योजना के माध्यम से सहारनपुर की वुड कार्विंग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यहां से 600 करोड़ रुपये से अधिक के वुड कार्विंग उत्पादों का निर्यात हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्यात क्षमता किसी भी देश की आर्थिक मजबूती का सबसे बड़ा आधार होती है। जितना अधिक निर्यात होगा, उतनी ही अधिक विदेशी मुद्रा देश में आएगी और भारत की अर्थव्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़ और मथुरा जैसे शहर दंगों के लिए जाने जाते थे तथा कर्फ्यू आम बात बन गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कैराना और कांधला से पलायन की घटनाएं होती थीं, बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते थे तथा प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। उन्होंने 2011-12 के दौरान मुरादाबाद में तत्कालीन विधायक पर हुए हमले का भी उल्लेख किया।

उपद्रवियों को सजा दिलाई, अब सहारनपुर में दंगे नहीं होते’ : मुख्यमंत्री योगी
सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनके मुकदमे वापस लेने का प्रयास किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट नीति अपनाई कि उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में ऐसे उपद्रवियों को अदालत से सजा भी दिलाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सहारनपुर में दंगे नहीं होते, बल्कि मां शाकंभरी धाम के भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल में भारी बारिश के दौरान संभावित जनहानि को रोकने के लिए वह स्वयं मौके पर पहुंचे थे और समय रहते अलर्ट जारी होने से नुकसान टालने में सफलता मिली।

उन्होंने कहा कि भविष्य में श्रद्धालुओं को हर मौसम में बिना किसी बाधा के मां शाकंभरी के दर्शन हो सकें, इसके लिए वहां एलिवेटेड कॉरिडोर और आधुनिक फैसिलिटेशन सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यह केवल एक सपना था, लेकिन अब यह परियोजना धरातल पर उतर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले संसाधनों के उपयोग के लिए स्पष्ट विजन नहीं था, जबकि अब वही धन धार्मिक पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किया जा रहा है।

हिंदू आस्था और धार्मिक स्थलों को लेकर विपक्ष पर हमला

मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में इन दलों ने हिंदू आस्था से जुड़े मुद्दों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का विरोध किया गया तथा राम मंदिर आंदोलन के दौरान भी विरोध का रुख अपनाया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिंदू आस्था के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि कोई अपराध करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, लेकिन हिंदू आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button