चीन ने ताइवान को हथियार बेचने पर अमेरिका की पांच रक्षा कंपनियों पर लगाए प्रतिबंध

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jan 2024 07:01 PM
चीन ने ताइवान को हथियार बेचने पर अमेरिका की पांच रक्षा कंपनियों पर लगाए प्रतिबंध
ऑडियो सुनें

बीजिंग. चीन ने ताइवान को हथियार बेचने और चीनी कंपनियों तथा नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए जाने के जवाब में अमेरिका की रक्षा से जुड़ी पांच कंपनियों पर रविवार को प्रतिबंध लगाने की घोषणा की. विदेश मंत्रालय ने ऑनलाइन जारी एक बयान में कहा कि इन प्रतिबंधों के तहत चीन में इन कंपनियों की संपत्ति कुर्क हो जाएगी और चीनी संगठनों और लोगों के उनके साथ कारोबार करने पर मनाही होगी.

जिन कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं उनमें बीएई सिस्टम्स लैंड एंड आर्मामेंट, एलियंट टेकसिस्टम्स ऑपरेशन, एयरोविरोनमेंट वियासैट एंड डेटा लिंक सॉल्यूशंस शामिल हैं. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिबंधों का इन कंपनियों पर क्या असर होगा. ऐसे प्रतिबंध अक्सर सांकेतिक होते हैं क्योंकि अमेरिकी रक्षा ठेकेदार आमतौर पर चीन को सामान नहीं बेचते हैं. विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के कदमों ने चीन की संप्रभुत्ता और सुरक्षा हितों को नुकसान पहुंचाया है, ताइवान जलडमरूमध्य में शांति एवं स्थिरता को कमजोर किया है और चीनी कंपनियों तथा नागरिकों के अधिकारों व हितों का उल्लंघन किया है.

मंत्रालय ने बयान में कहा, ”चीन की सरकार राष्ट्रीय संप्रभुत्ता और क्षेत्रीय अखंडता की सुरक्षा और चीनी कंपनियों तथा नागरिकों के कानूनी अधिकारों और हितों की रक्षा के हमारे संकल्प पर अडिग है.” यह घोषणा ताइवान में राष्ट्रपति चुनाव से महज एक सप्ताह से भी कम समय पहले की गयी है. चीन उसके पूर्वी तट पर स्थित स्व:शासित ताइवान को अपना ही हिस्सा मानता है. चीन के विदेश मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि किस हथियार सौदे या अमेरिका के किन प्रतिबंधों पर चीन यह प्रतिक्रिया दे रहा है लेकिन प्रवक्ता वांग वेनबिन ने तीन सप्ताह पहले आगाह किया था कि दिसंबर में ताइवान को 30 करोड़ डॉलर के सैन्य पैकेज की अमेरिकी सरकार की स्वीकृति के बाद चीन जवाबी कदम उठाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu