चीन ने ताइवान की ओर उपग्रह छोड़ा, उड़ानों में देरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Apr 2023 07:32 PM
चीन ने ताइवान की ओर उपग्रह छोड़ा, उड़ानों में देरी
ऑडियो सुनें

ताइपे. चीन की ओर से उपग्रह छोड़े जाने के कारण रविवार को उत्तरी ताइपे में उड़ानों में देरी हुई. इस उपग्रह का मलबा राजधानी ताइपे के उत्तरी क्षेत्र में समुद्र में गिरा. इस प्रक्षेपण के पीछे स्पष्ट रूप से कोई सैन्य उद्देश्य नहीं था, लेकिन यह उपग्रह इस महीने की शुरुआत में ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन की अमेरिका यात्रा के जवाब में चीन की ओर से व्यापक सैन्य अभ्यास के बाद छोड़ा गया है.

त्साई ने अमेरिकी यात्रा के दौरान कैलिफॉर्निया में प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष केविन मैक्कार्थी से मुलाकात की थी. पिछले सप्ताह के अंत में तनाव चरम पर था और चीन ने 200 से अधिक बार ताइवान की ओर लड़ाकू विमान भेजे थे, जबकि चीनी नौसेना के जहाजों ने ताइवान के आसपास चक्कर लगाए थे. चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है और कई बार यह कह चुका है कि अगर जरूरत पड़ी तो वह बलपूर्वक ताइवान को अपने क्षेत्र में मिला लेगा.

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने मीडिया में एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि उसे सुबह नौ बजकर 36 मिनट के आसपास उत्तर-पश्चिमी चीन में जियुकुआन अड्डे से प्रक्षेपण के बारे में पता चला है. बयान में कहा गया है कि उपग्रह ले जा रहे रॉकेट के कुछ हिस्से ताइवान के वायु रक्षा क्षेत्र में गिरे, हालांकि उनसे ‘‘हमारे राष्ट्र के क्षेत्र’’ को कोई खतरा नहीं है. चीन ने पूर्वी चीन सागर क्षेत्र के एक हिस्से से उड़ानों के गुरजने पर 27 मिनट की रोक लगाने की घोषणा की थी, जिसके चलते ताइपे के सोंगशैन हवाई अड्डे से जापान रवाना होने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu