चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ महिला सिपाही ने कंगना रनौत को थप्पड़ मारा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Jun 2024 09:33 PM
चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ महिला सिपाही ने कंगना रनौत को थप्पड़ मारा
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़/नयी दिल्ली. अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत ने कहा कि बृहस्पतिवार को दिल्ली जाते वक्त चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की एक महिला सिपाही ने उन्हें थप्पड़ मारा और उनके साथ गाली-गलौज की. कंगना दो दिन पहले ही हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुई हैं. अधिकारियों ने बताया कि महिला सिपाही किसान प्रदर्शन पर कंगना रनौत के रुख को लेकर नाराज थी. उन्होंने बताया कि सिपाही को निलंबित कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

हवाई अड्डों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली सीआईएसएफ ने घटना के संबंध में ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ का भी आदेश दिया है.
दिल्ली पहुंचने के बाद कंगना ने ‘एक्स’ पर ‘पंजाब में आतंक और हिंसा में हैरान करने वाली वृद्धि’ शीर्षक से एक वीडियो बयान पोस्ट किया. कंगना ने वीडियो में कहा कि वह सुरक्षित और ठीक हैं, लेकिन पंजाब में बढ़ते आतंकवाद को लेकर चिंतित भी हैं. कंगना ने कहा कि उन्हें मीडिया और अपने शुभचिंतकों से ढेरों फोन आ रहे हैं. अभिनेत्री ने कहा कि महिला सिपाही उनकी ओर आई.

कंगना ने कहा, ”उसने मुझे थप्पड़ मारा और मुझे गाली देनी शुरू कर दी.” उन्होंने कहा, ”जब मैंने उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उस सिपाही ने कहा कि वह किसान आंदोलन का समर्थन करती है.” उन्होंने कहा, ”मैं सुरक्षित हूं लेकिन पंजाब में बढ़ते आतंकवाद को लेकर मैं चिंतित हूं. हम उसे कैसे संभालेंगे?” सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक अन्य वीडियो में गुस्साई महिला सिपाही घटना के बाद लोगों से बात करती हुई दिखाई दे रही है.

महिला कर्मी ने कथित वीडियो में कहा, ”कंगना ने एक बयान दिया था कि दिल्ली में किसान 100-200 रुपये लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. उस दौरान मेरी मां भी प्रदर्शनकारियों में शामिल थी.” आरोपी महिला सुरक्षाकर्मी के नाम का खुलासा नहीं दिया गया. राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने इस घटना को एक बेहद ही गंभीर मामला करार देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि वह इस मामले को सीआईएसएफ के समक्ष रखेंगे. उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हवाई अड्डे की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोग ही नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं.

कंगना को थप्पड़ मारने के मामले में सीआईएसएफ कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए : आयोग

राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवनिर्वाचित सांसद कंगना रनौत को कथित रूप से थप्पड़ मारने वाली केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की महिला सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. आयोग की अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह बेहद ही गंभीर मामला है, क्योंकि हवाई अड्डे की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोग ही नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं. शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”महिला सीआईएसएफ कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. हम सीआईएसएफ मुख्यालय के समक्ष इस मुद्दे को उठाएंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu