बाफ्टा में ‘कॉन्क्लेव’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार, ‘द ब्रूटलिस्ट’ ने भी बाजी मारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 17 Feb 2025 08:01 PM
बाफ्टा में ‘कॉन्क्लेव’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार, ‘द ब्रूटलिस्ट’ ने भी बाजी मारी
ऑडियो सुनें

लंदन. थ्रिलर फिल्म ”कॉन्क्लेव” ने रविवार को 78वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (बाफ्टा) में सर्वश्रेष्ठ फिल्म सहित चार पुरस्कार जीते. वहीं, कई तरह के विवादों में घिरी संगीतमय फिल्म ”एमिलिया पेरेज” ने भी कई पुरस्कार अपने नाम किए. ”द ब्रूटलिस्ट” ने भी चार पुरस्कार हासिल किए, जिसमें ब्रैडी कॉर्बेट को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और एड्रियन ब्रॉडी का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला. ”एनोरा” के लिए मिकी मैडिसन ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता.

”कॉन्क्लेव” में नए पोप के चुनाव से जुड़ी कहानी है. इसमें राल्फ फिएन्स कार्डिनल की भूमिका में हैं. इस फिल्म ने ”द ब्रूटलिस्ट”, ”एमिलिया पेरेज”, बॉब डायलन की बायोपिक ”ए कम्प्लीट अननोन” को पछाड़कर सर्वश्रेष्ठ फिल्म का खिताब हासिल किया.
”कॉन्क्लेव” को उत्कृष्ट ब्रिटिश फिल्म का पुरस्कार मिला और इसने संपादन और रूपांतरित पटकथा के लिए भी ट्रॉफी जीती.
सहायक कलाकार का पुरस्कार ”ए रियल पेन” के लिए अभिनेता किरन कल्किन को तथा ”एमिलिया पेरेज” के लिए अभिनेत्री जो सलदाना को मिला. ”एमिलिया पेरेज” को अंग्रेजी भाषा से अलग श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार भी मिला.

सलदाना को यह पुरस्कार एक वकील की भूमिका के लिए मिला, जो मुख्य किरदार को अपराध की जिंदगी से बाहर निकलने में मदद करती है. उन्होंने फिल्म को ”जीवन की सबसे बड़ी रचनात्मक चुनौती” बताया. सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए नामित कार्ला सोफिया गैसकॉन, जिन्होंने ”एमिलिया पेरेज” में मुख्य भूमिका निभाई है, समारोह में नहीं आईं. गैसकॉन ने मुसलमानों, जॉर्ज फ्लॉयड और विविधता का अपमान करने वाले अपने सोशल मीडिया पोस्ट के कारण विवाद के बीच फिल्म के प्रचार से खुद को अलग कर लिया है.

”एमिलिया पेरेज” को ऑस्कर में 13 श्रेणियों में नामांकन मिला है. इसके निर्देशक ऑडियार्ड ने उन टिप्पणियों की निंदा की है, लेकिन अपने संबोधन में गैसकॉन और उनकी सह-कलाकारों सलदाना और सेलेना गोमेज को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, ”हम सभी ने मिलकर जो हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है.” सिंथिया एरिवो, ‘ूग ग्रांट, एरियाना ग्रांडे, लुपिता न्योंगो, टिमोथी चालमेट और साओर्से रोनान जैसे सितारे बाफ्टा के आयोजन के दौरान लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में ‘रेड कार्पेट’ पर चले.

अधिकांश विजेताओं को उद्योग पेशेवरों की यू.के. एकेडमी के 8,000 सदस्यों द्वारा चुना जाता है. वहीं ‘राइजिंग स्टार अवार्ड’ नामांकित व्यक्तियों की एक छोटी सूची से सार्वजनिक वोट द्वारा चुना जाता है. इस वर्ष डेविड जोनसन को ड्रामा सीरीज. ”इंडस्ट्री” और रोमांटिक-कॉमेडी ”राई लेन” के लिए यह पुरस्कार मिला है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu