बेरूत. लेबनान और इजराइल की सीमा पर मंगलवार को फिर संघर्ष छिड़ गया. गाजा में लड़ाई शुरू होने के साथ ही इजराइल और लेबनान के सशस्त्र समूहों के बीच छिटपुट झड़पें शुरू हो गयी थीं. साफिद में ‘जीव मेडिकल सेंटर’ ने बताया कि लेबनान की ओर से मंगलवार सुबह दागी गयी एंटी टैंक मिसाइल उत्तरी इजराइल के मेटुला में गिरी जिसमें तीन लोग घायल हो गये.
लेबनान के किसी संगठन ने तत्काल इस मिसाइल हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. वैसे यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इस मिसाइल हमले में घायल हुए लोग आम नागरिक हैं या सैनिक, लेकिन इजराइल ने लेबनान सीमा से सटे क्षेत्रों में रह रहे लोगों को इलाके को खाली करने का आदेश दिया है. लेबनान की सरकारी समाचार समिति ‘नेशनल न्यूज एजेंसी’ ने खबर दी है कि इजराल ने दक्षिणी लेबनान में सीमावर्ती क्षेत्रों में कई गोले दागे और ‘व्हाइट फॉस्फोरस’ छोड़ा.
इजराइल की सेना ने कहा कि सीमा पार से एंटीटैंक मिसाइल दागे जाने के बाद उसके टैंकों ने जवाबी कार्रवाई की. वहीं इजराइल की सेना के अनुसार लेबनान से उत्तरी इजराइल के येफताह किब्बुत्ज में दो और एंटीटैंक मिसाइलें दागी गयीं लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ. उसने कहा कि जवाबी कार्रवाई के तहत हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर गोले दागे गए.
मंगलवार को उससे पहले इजराली सेना ने कहा था कि उसने उन चार आतंकवादियों को मार गिराया जिन्होंने इजराइल और लेबनान के बीच की दीवार में विस्फोटक लगाने की कोशिश की थी. रेडक्रॉस की लेबनानी शाखा ने एक बयान में कहा कि वह इजराइली हमले में मारे गये लोगों के शव लाने के लिए सीमावर्ती शहर अल्मा अल शाब जा रहा है. एक प्रवक्ता ने और ब्योरा देने से इनकार कर दिया.