
चंडीगढ. हरियाणा की 10 लोकसभा सीट में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पांच-पांच सीट पर आगे चल रही हैं. वहीं, मनोहर लाल खट्टर, कुमारी शैलजा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे प्रमुख नेताओं ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बड़ी बढ.त बना ली है. निर्वाचन आयोग के रुझानों के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी-महेंद्रगढ. और कुरुक्षेत्र सीट पर आगे चल रहे हैं, जबकि कांग्रेस अंबाला, हिसार, रोहतक, सिरसा और सोनीपत में आगे है.
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल सीट से आसान जीत की ओर अग्रसर हैं. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा पर 2,02,432 मतों की अजेय बढ.त हासिल कर ली है. केंद्रीय मंत्री और गुड़गांव से मौजूदा सांसद राव इंद्रजीत सिंह कांग्रेस के राज बब्बर से 46,197 मतों से आगे हैं. सिरसा सीट से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी अशोक तंवर से 2,51,017 मतों के भारी अंतर से आगे हैं.
रोहतक में कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी मौजूदा भाजपा सांसद अरविंद शर्मा पर 2,52,994 मतों से अजेय बढ.त बना ली है.
हालांकि, सोनीपत में कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी और भाजपा के मौजूदा विधायक मोहन लाल बडोली के बीच कड़ा मुकाबला है. यहां कांग्रेस उम्मीदवार 6,530 मतों के मामूली अंतर से आगे हैं. अंबाला निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के वरुण चौधरी भाजपा की प्रतिद्वंद्वी बंतो कटारिया से 33,310 मतों से आगे हैं.
हिसार में कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश, भाजपा के रंजीत चौटाला पर 25,910 मतों से बढ.त बनाए हुए हैं. फरीदाबाद से मौजूदा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर कांग्रेस के महेंद्र प्रताप सिंह से 1,62,753 मतों से आगे हैं. भिवानी-महेंद्रगढ. सीट पर मौजूदा भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह कांग्रेस विधायक राव दान सिंह से 40,422 मतों के अंतर से आगे हैं.
कुरुक्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल काफी समय तक पीछे रहे, लेकिन अब उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी एवं आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सुशील गुप्ता पर 14,328 मतों से बढ.त बना ली है. इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय सिंह चौटाला भी कुरुक्षेत्र से मैदान में हैं, लेकिन पीछे चल रहे हैं. छह अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी उनकी पार्टी के उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं. इसी प्रकार, इसी साल भाजपा से गठबंधन तोड़ने वाली जननायक जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार भी पीछे चल रहे हैं.
करनाल विधानसभा सीट के लिए संपन्न उपचुनाव के लिए भी मतों की गिनती हो रही है और राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कांग्रेस उम्मीदवार तरलोचन सिंह से 37,635 मतों से आगे हैं. राज्य में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी. इस बार कांग्रेस ने राज्य की नौ लोकसभा सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी पार्टी ‘आप’ कुरुक्षेत्र सीट पर मैदान में है.



