कांग्रेस ने लोगों से संविधान की रक्षा के लिए संकल्प दोहराने का आह्वान किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 26 Nov 2024 03:16 PM
कांग्रेस ने लोगों से संविधान की रक्षा के लिए संकल्प दोहराने का आह्वान किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने संविधान दिवस के अवसर पर मंगलवार को लोगों का आह्वान किया कि वे संविधान की रक्षा करने के संकल्प को दोहराएं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह भी कहा कि संविधान में व्यक्त प्रत्येक विचार की रक्षा के लिए सभी को एक साथ आना चाहिए।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘संविधान को अंगीकार किए जाने का 75वां वर्ष आज से शुरू हो गया है। मैं इस ऐतिहासिक अवसर पर सभी भारतीय नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पूर्वजों द्वारा परिश्रम से और सावधानीपूर्वक तैयार किया गया भारत का संविधान हमारे राष्ट्र की जीवनधारा है। यह हमें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों की गारंटी देता है। यह भारत को एक संप्रभु समाजवादी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य बनाता है। ’’ उनके अनुसार, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सिर्फ आदर्श या विचार नहीं हैं, ये 140 करोड़ भारतीय नागरिकों के लिए जीवन जीने का तरीका हैं।

खरगे ने कहा, ‘‘आज, हम संविधान सभा और उसके सदस्यों के योगदान को याद करते हैं। हम उनकी दूरर्दिशता और बुद्धिमत्ता के सदैव ऋणी रहेंगे। पंडित जवाहरलाल नेहरू, बाबा साहेब डॉ. बी आर आंबेडकर प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं जो पीढि़यों के लिए आशा के पथप्रदर्शक बनते हैं।’’ उन्होंने यह भी कहा कि संविधान सभा का कोई भी उल्लेख, समावेशी भारत के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण योगदान देने वाली 15 महिला सदस्यों को याद किए बिना पूरा नहीं होना चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, यह भी नहीं भूलना चाहिए कि संविधान सभा को आम नागरिकों से अनगिनत सुझाव मिले जो रिकॉर्ड का विषय हैं। उन्होंने उल्लेख किया, ‘‘ हम, भारत के लोगों को, संविधान में व्यक्त प्रत्येक विचार की रक्षा के लिए एक साथ आना चाहिए। संविधान अंगीकार किए जाने के 75वें वर्ष में, राष्ट्रीय आंदोलन के युग की तरह, भारत के अंर्तिनहित दर्शन की रक्षा के लिए संघर्ष को फिर से मजबूत और पुनर्जीवित किया जाना चाहिए।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आप सभी को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे संविधान की मूल भावना यह है कि न्याय और अधिकार सभी के लिए एक समान होने चाहिए। सभी को स्वाभिमान के साथ जीने का अवसर मिलना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘संविधान समाज के सबसे ग़रीब और कमज़ोर वर्गों की रक्षा के लिए एक शक्तिशाली औजार है तथा यह जितना मजबूत होगा, हमारा देश उतना ही ताकतवर होगा।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा, ‘‘आज के दिन, संविधान की सोच की हिफ़ाज़त करने वाले सेनानियों, शहीदों और संविधान सभा के प्रत्येक सदस्य को नमन करते हुए मैं इसकी रक्षा करने के अपने संकल्प को दोहराता हूं।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज हमारे संविधान के लागू होने का 75वां साल शुरू हो रहा है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों ने मिलकर एक ऐसे संविधान का निर्माण किया, जिसने करोड़ों भारतीयों के लिए स्वतंत्रता, समानता, बंधुता और न्याय सुनिश्चित किया। हमारा संविधान ही करोड़ों भारतीयों का सुरक्षा कवच है जो उन्हें हर तरह के अधिकार देता है। सभी देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘महान पूर्वजों, शहीदों, क्रांतिकारियों और संविधान सभा के प्रत्येक सदस्य को नमन। उनकी अ?थक मेहनत और कुर्बानियों से मिला यह लोकतंत्र और संविधान हमारा गौरव है। आइए, संकल्प लें कि हम हर हाल में इसकी रक्षा करेंगे।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital