ऑपरेशन सिंदूर पर बयान को लेकर कांग्रेस ने मोदी, जयशंकर से जवाब मांगा, भाजपा ने किया पलटवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 May 2025 08:10 PM
ऑपरेशन सिंदूर पर बयान को लेकर कांग्रेस ने मोदी, जयशंकर से जवाब मांगा, भाजपा ने किया पलटवार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के संदर्भ में विदेश मंत्री एस. जयशंकर द्वारा की गई एक कथित टिप्पणी को लेकर सोमवार को कहा कि यह ”पाप” और ”सिंदूर का सौदा” है, जिस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा विदेश मंत्री को जवाब देना चाहिए. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश को सच जानने का पूरा हक है. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि वह तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं और पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं.

कांग्रेस और राहुल गांधी ने जयशंकर के एक बयान का वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया है कि पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों पर हमलों से पहले, भारत सरकार ने पाकिस्तान को इस बारे में सूचित किया था. हालांकि, विदेश मंत्रालय ने शनिवार को इस तरह के दावों को गलत बताया कि विदेश मंत्री जयशंकर ने माना था कि भारत ने सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू होने से पहले पाकिस्तान को सचेत किया था.

राहुल ने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि विदेश मंत्री जयशंकर की ”चुप्पी” न सिर्फ सच बता रही है, बल्कि घातक भी है. उन्होंने कहा, ”इसलिए, मैं फिर से पूछूंगा कि हमने कितने भारतीय विमान गंवा दिए क्योंकि पाकिस्तान को पहले से पता था.” उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई चूक नहीं थी, बल्कि यह एक अपराध है. राहुल ने यह भी कहा कि देश को सच जानने का हक है.

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ”राहुल गांधी ने विदेश मंत्री के बयान पर कुछ सवाल पूछे हैं. यह बहुत महत्वपूर्ण इसलिए हो जाता है, क्योंकि पिछले एक हफ्ते में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अलग-अलग देशों में एक बात दोहराते रहे कि उन्होंने युद्ध रुकवाने के लिए मध्यस्थता की.” उन्होंने कहा, ”ट्रंप ने एक बहुत खौफ.नाक बात यह भी बोली कि उन्होंने भारत को व्यापार रोकने की धमकी देकर युद्ध रुकवाया. यानी सिंदूर का सौदा होता रहा, प्रधानमंत्री चुप रहे. विदेश मंत्री के मुंह से एक शब्द नहीं निकल रहा.”

खेड़ा ने दावा किया, ”हमें नहीं मालूम कि अमेरिका और चीन के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री और भाजपा के नेताओं के ऐसे कौन से राज. हैं, क्योंकि इनका कभी अमेरिका और चीन के आगे मुंह नहीं खुलता. जब भी मुंह खुलता है तो सीधा क्लीन चिट देने के लिए खुलता है.” कांग्रेस नेता ने कहा, ”पूरे देश और दुनिया को मालूम है कि इस युद्ध में चीन की क्या भूमिका रही है और अमेरिका खुद इस युद्ध को रोकने में अपनी अहम भूमिका बता रहा है, लेकिन जयशंकर जी का मुंह नहीं खुलता.” खेड़ा ने आरोप लगाया कि विदेश मंत्री ने जो किया है, उसे कूटनीति नहीं, बल्कि मुखबिरी कहा जाता है.

उन्होंने सवाल किया, ”क्या इसी मुखबिरी की वजह से मसूद अजहर जिंदा बच गया और हाफिज सईद जिंदा भाग गया?” खेड़ा ने कहा, ”विदेश मंत्री का यह बयान संवेदनशील है, क्योंकि इस बयान से तो यही लगता है कि आतंकी अपने ठिकानों से भाग गए होंगे. ऐसा क्यों किया गया, इस पर प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री को जवाब देना होगा.” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जयशंकर ने जो किया, वह पाप की श्रेणी में आता है.

उन्होंने दावा किया, ”हमारे सैनिकों ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था, लेकिन अचानक से डोनाल्ड ट्रंप आए और उन्होंने संघर्ष विराम करा दिया. हमें सिंदूर से सौदा मंजूर नहीं है. देश से गद्दारी मंजूर नहीं है, चाहे वह कोई भी हो, किसी भी पद पर हो.”

इस बीच, भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा, ”राहुल गांधी की मूर्खता महज आकस्मिक नहीं है, यह भयावह है. वह पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं.” उन्होंने भारत के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई के एक बयान का वीडियो साझा करते हुए कहा कि वह भारत के लाभ और विपक्ष के नेता की मंशा को उजागर करने के लिए घई के 11 मई के बयान को दोबारा पोस्ट कर रहे हैं.

इस वीडियो में घई ने कहा है, ”हमने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मद्देनजर तत्काल अपने समकक्ष तक पहुंचने और अपनी बाध्यताओं को बताने का प्रयास किया था, लेकिन अनुरोध को स्पष्ट रूप से अस्वीकार कर दिया गया था, यह इस चेतावनी के साथ किया गया कि एक गंभीर प्रतिक्रिया अपरिहार्य होगी. इसके लिए हम निश्चित रूप से तैयार थे….” मालवीय ने कहा, ”मैं इस बात को दोहराना चाहता हूं कि यह विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के उस बयान से बिल्कुल मेल खाता है कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के शुरुआती चरण के दौरान पाकिस्तान को चेतावनी जारी की थी. अब इसे जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है कि ऑपरेशन शुरू होने से पहले सूचित किया गया था.” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने से बचना चाहिए क्योंकि भारत जानता है कि वह वास्तव में किसके लिए बोलते हैं.

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा, ”ऐसा लगता है कि वह अपनी पिछली गलतियों से कुछ नहीं सीखे हैं. यह सवाल करके वह देश के सशस्त्र बलों का अपमान करना जारी रखे हुए हैं कि कितने विमान गंवा दिये गए, जबकि भारतीय वायुसेना और विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि कोई नुकसान नहीं हुआ.” उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस पार्टी वास्तव में राष्ट्र के समर्थन के प्रति गंभीर है, जबकि उनकी हरकतें कुछ और ही बयां करती हैं? पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने भी उन दावों को खारिज किया है कि जयशंकर ने कहा था कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से पहले पाकिस्तान को सूचित किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu