चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए 21 दिसंबर को सीडब्ल्यूसी की बैठक करेगी कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Dec 2023 07:36 PM
चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए 21 दिसंबर को सीडब्ल्यूसी की बैठक करेगी कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने 2024 के आम चुनावों की रणनीति पर विचार-विमर्श करने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के वास्ते चुनाव अभियान की योजना तैयार करने के लिए 21 दिसंबर को अपनी कार्य समिति की बैठक बुलाई है. सूत्रों ने यह जानकारी दी.

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक बुलाई है जो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में होगी. यह बैठक विपक्षी गुट ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की 19 दिसंबर को होने वाली बैठक के दो दिन बाद होगी. उन्होंने बताया कि इस दौरान देश की राजनीतिक स्थिति और आगे की योजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा. उन्होंने बताया कि सीट का बंटवारा एवं प्रचार अभियान पर चर्चा बैठक के एजेंडे में संभवत: शीर्ष पर रहेंगे.

उन्होंने बताया कि बैठक में 2024 के चुनाव से पहले बेरोजगारी और महंगाई को मुख्य मुद्दा बनाकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा की संभावना पर भी चर्चा हो सकती है. सूत्रों ने कहा कि पार्टी पैदल सहित ‘हाइब्रिड मोड’ (अलग-अलग माध्यमों से) में पूर्व से पश्चिम की यात्रा करने पर विचार कर रही है और इस संबंध में जल्द ही अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है.

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक से पहले विपक्षी गुट ‘इंडिया’ के नेताओं की चौथी बैठक 19 दिसंबर को अपराह्न तीन बजे नयी दिल्ली में होगी. ‘इंडिया’ की इस बैठक में एक ”मुख्य सकारात्मक एजेंडा” बनाने, सीट के बंटवारे और संयुक्त रैलियां आयोजित करने के कार्यक्रम पर चर्चा हो सकती है.

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का इरादा एकजुटता बनाये रखते हुए ”मैं नहीं, हम” नारे के साथ आगे बढ़ने का है.  यह बैठक हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में होगी. राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है. उसने तेलंगाना में सरकार का गठन किया. पार्टी को मिजोरम में भी हार का सामना करना पड़ा. सूत्रों ने बताया कि सीडब्ल्यूसी की बैठक में हालिया विधानसभा चुनाव परिणाम का विश्लेषण भी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि पार्टी अपनी हार के कारणों और 2024 में होने वाले आम चुनावों की रणनीति पर विचार-विमर्श करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu