भाजपा सत्ता में लौटी तो संविधान, लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा: खरगे

बालासोर. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए बुधवार को दावा किया कि अगर भाजपा सत्ता में लौटती है, तो लोकतंत्र और संविधान दोनों खतरे में पड़ जाएंगे. ओडिशा के बालासोर संसदीय क्षेत्र में एक चुनावी रैली में खरगे ने कहा, ”इस चुनाव में अगर आप भाजपा को नहीं हराते हैं, तो हमारा संविधान और लोकतंत्र दोनों खतरे में पड़ जाएंगे, साथ ही आपका भविष्य भी.” उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए देश की आरक्षण नीति खतरे में पड़ जाएगी.

खरगे ने मौजूदा सरकार की आलोचना करते हुए कहा, ”मौजूदा शासन में युवा सबसे ज्यादा पीड़ित हैं. बेरोजगारी की दर बहुत अधिक है और पूरे देश में संकट है. हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी इन मुद्दों के प्रति उदासीन हैं. उनका एकमात्र ध्यान सत्ता बरकरार रखने पर है.” मोदी के अधूरे वादों पर सवाल उठाते हुए खरगे ने कहा, ”मोदी ने काला धन वापस लाकर हर व्यक्ति के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा करने, किसानों की आय दोगुनी करने और हर साल रोजगार के दो करोड़ अवसर उपलब्ध कराने का वादा किया था. ये वादे पूरे किए गए?”

कांग्रेस अध्यक्ष ने मणिपुर में हालात से निपटने के तरीके पर भी निराशा व्यक्त की तथा प्रधानमंत्री पर स्थिति की उपेक्षा करने तथा इसके बजाय अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया. ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा, ”इससे पहले, भाजपा की जो भी इच्छा होती थी, बीजद उसे मान लेती थी. अब, वे अस्थायी रूप से अलग हो गए हैं, लेकिन वक्त ही बताएगा कि वे कब तक अलग रहेंगे.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button