दीक्षांत समारोह किसी भी राजनीतिक या व्यक्तिगत हित से बड़ा है राष्ट्र हित: उपराष्ट्रपति धनखड़

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 15 Feb 2025 01:57 PM
दीक्षांत समारोह किसी भी राजनीतिक या व्यक्तिगत हित से बड़ा है राष्ट्र हित: उपराष्ट्रपति धनखड़
ऑडियो सुनें

कटरा: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) के दीक्षांत समारोह में शनिवार को शिरकत की और कहा कि राष्ट्र हित किसी भी राजनीतिक या व्यक्तिगत हित से बड़ा होता है। एसएमवीडीयू परिसर में 10वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, शिक्षा मंत्री सकीना फिरदौस भी मौजूद रहे।

उपराष्ट्रपति ने दीक्षांत समारोह में अपने संबोधन में कहा, ‘‘हम भारतीय हैं और यही हमारी पहचान है। राष्ट्रवाद हमारा धर्म है और चाहे जो भी परिस्थिति हो, राष्ट्रवाद को हमेशा सबसे उपर रखना हमारा कर्तव्य है।’’ उन्होंने पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘‘कोई भी राजनीतिक या व्यक्तिगत हित राष्ट्र हित से बड़ा नहीं हो सकता।’’ उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा अगस्त 2019 में जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त करने के कदम को भी ‘ऐतिहासिक’ उपलब्धि करार दिया और कहा कि वह एक अस्थायी प्रावधान था।

एसएमवीडीयू से शैक्षणिक वर्ष 2023-24 में कुल 684 छात्रों ने विभिन्न विषयों में स्रातक की डिग्री की अर्हता प्राप्त की है, परास्रातक डिग्री के लिए 147 छात्र, एकीकृत परास्रातक डिग्री के लिए 34 छात्र और पीएचडी डिग्री के लिए 44 छात्र पात्र हैं।

विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को गणमान्य व्यक्तियों द्वारा कुल 26 पदक, नौ विशिष्टता प्रमाण-पत्र और 10 इन्फोसिस फाउंडेशन उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि कुल 501 छात्र और 408 छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई। उपराज्यपाल (विश्वविद्यालय के कुलाधिपति) ने जम्मू हवाई अड्डे पर उपराष्ट्रपति का स्वागत किया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital