दंतेवाड़ा: पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jan 2024 10:36 PM
दंतेवाड़ा: पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली ढेर
ऑडियो सुनें

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली को मार गिराया है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगनार गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने तोड़मा मिलिशिया प्लाटून के ‘डिप्टी कमांडर’ रतन कश्यप उर्फ सलाम (31) को मार गिराया. उन्होंने बताया कि नक्सली के सिर पर पांच लाख रुपये का इनाम था.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगनार गांव के जंगल में आमदाई एरिया कमेटी के 10-15 सशस्त्र नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी, बस्तर फाइटर्स दंतेवाड़ा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था.

उन्होंने बताया कि दल जब मंगनार गांव के जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षाबलों के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की. अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के बाद जब सुरक्षाबलों के जवानों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से रतन का शव बरामद किया गया.

उन्होंने बताया कि नक्सली रतन 2020 में बस्तर जिले के मारडूम थाना क्षेत्र में पुलिस दल पर हमला करने में शामिल था. इस घटना में पुलिस के दो र्किमयों की मौत हो गई थी. वह 2020 में ही एक पुलिसकर्मी की हत्या में भी शामिल रहा था. उन्होंने बताया कि नक्सली रतन के खिलाफ दंतेवाड़ा जिले के थानों में हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई अन्य मामले दर्ज हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu