तमिलनाडु में भगदड़ में मृतकों की संख्या ब­ढ़कर 40 हुई, घटना की जांच शुरू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Sep 2025 10:29 PM
तमिलनाडु में भगदड़ में मृतकों की संख्या ब­ढ़कर 40 हुई, घटना की जांच शुरू
ऑडियो सुनें

चेन्नई/करूर. तमिलनाडु के करूर में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय की रैली में मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ.कर रविवार को 40 हो गई. घटना में घायल हुए 60 से अधिक लोगों का इलाज किया जा रहा है और कम से कम दो की हालत गंभीर बनी हुई है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. विजय के नेतृत्व वाले टीवीके ने मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ में याचिका दायर कर भगदड़ की सीबीआई या स्वतंत्र जांच की मांग की.

इस घटना को लेकर विभिन्न हलकों से आलोचनाओं का सामना कर रहे विजय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की. करूर पुलिस ने टीवीके पदाधिकारियों के खिलाफ लापरवाही समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच शुरू की. करूर में व्यापारियों, दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों से जुड़े लोगों ने इस घटना में मारे गये लोगों की मौत पर दुख जताया और अपना कामकाज बंद रखा. घटना में दस बच्चों की मौत हो गई जिनमें पांच लड़के और इतनी ही लड़कियां शामिल हैं. घटना में 17 महिलाओं और 13 पुरुषों की भी मौत हो गई.

तमिलनाडु सरकार द्वारा गठित जांच आयोग का नेतृत्व कर रही न्यायमूर्ति अरुणा जगदीशन ने करूर अस्पताल जाकर प्रभावित लोगों से बात की और भगदड़ स्थल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से पूछताछ की. मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और विपक्ष के नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी, भाजपा के नैनार नागेन्द्रन और के अन्नामलाई, वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन, पीएमके के शीर्ष नेता अंबुमणि रामदास समेत कई राजनीतिक दलों के नेता अस्पताल गये. रजनीकांत और मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) प्रमुख कमल हासन समेत कई हस्तियों ने इस घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है.

टीवीके प्रमुख विजय की गिरफ्तारी की संभावना पर एक सवाल का जवाब देते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी कार्रवाई, जिस पर विचार किया जाएगा, जांच समिति की रिपोर्ट पर आधारित होगी. उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक मकसद से कोई टिप्पणी करने के इच्छुक नहीं हैं. तमिल छात्रों के एक संगठन ने चेन्नई में विजय के घर के सामने विरोध प्रदर्शन किया. इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि घायलों को पचास-पचास हजार रुपये दिए जाएंगे.

राज्य सरकार ने जहां मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये तथा घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है, वहीं टीवीके ने मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये तथा घायलों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है.
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने मृतकों के परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपये और भाजपा ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की.

विजय की रैली में भगदड़ में घायल एक व्यक्ति ने रविवार को मद्रास उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर अनुरोध किया कि तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को शनिवार की घटना की पूरी जांच होने, जिम्मेदारी तय होने और प्रभावी सुरक्षा प्रोटोकॉल सुनिश्चित होने तक पार्टी नेता को कोई और सार्वजनिक सभा आयोजित करने की अनुमति न देने का निर्देश दिया जाए.
पीड़ित ने उच्च न्यायालय से अनुरोध किया कि डीजीपी को निर्देश दिया जाए कि वह घटना की जांच होने तक टीवीके और उसके नेता विजय को कोई सार्वजनिक बैठक, रैली या राजनीतिक सभा आयोजित करने की अनुमति न दें.

घटना में किसी साजिश का आरोप लगाने से बचते हुए टीवीके के उप महासचिव निर्मल कुमार ने मीडिया को बताया कि पार्टी ने घटना की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च न्यायालय की खंडपीठ से गुहार लगाई है. तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव पी सेंथिल कुमार ने मृतकों और घायलों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दो की हालत गंभीर है तथा अन्य सभी की हालत स्थिर है. तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अन्नाद्रमुक महासचिव के. पलानीस्वामी ने दावा किया कि यहां टीवीके की राजनीतिक रैली में हुई भगदड़ पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा में हुई चूक का सबूत है.

पुलिस ने हालांकि दावा किया कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई क्योंकि अभिनेता को देखने के लिए अपेक्षित संख्या से कहीं अधिक हजारों लोग एकत्र हुए थे. कार्यक्रम स्थल पर जूतों और चप्पलों के ढेर, कुचली हुई पानी की बोतलें, फटे हुए पार्टी झंडे, कपड़ों के टुकड़े, टूटे हुए डंडे और तरह-तरह के कूड़े-कचरे के ढेर उस दुखद घटना की याद दिलाते हैं.

तमिलनाडु के एडीजीपी (कानून व्यवस्था) एस डेविडसन देवसिरवथम ने कहा कि विजय की करूर में आयोजित रैली के लिए लगभग 500 पुलिसर्किमयों को तैनात किया गया था. प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों का हवाला देते हुए उन्होंने एक वर्ग के इस दावे का खंडन किया कि रैली के दौरान पथराव हुआ था. भाजपा नेता अन्नामलाई ने रैली के लिए जगह के आवंटन और तैनात पुलिसर्किमयों की संख्या को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की.

उन्होंने सरकार से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा सीबीआई जांच की मांग की. करूर के जिलाधिकारी एम. थंगावेल ने कहा कि प्रशासन ने प्रभावित लोगों की तत्काल मदद के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कई नियंत्रण कक्ष बनाये हैं. तमिलनाडु उत्पादन एवं वितरण निगम की मुख्य अभियंता सी राजलक्ष्मी ने रैली के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने से इनकार किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu