गत चैम्पियन जोकोविच ने चार घंटे में पहली बार ग्रैंडस्लैम मैच खेल रहे प्रिजमिच को हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jan 2024 09:30 PM
गत चैम्पियन जोकोविच ने चार घंटे में पहली बार ग्रैंडस्लैम मैच खेल रहे प्रिजमिच को हराया
ऑडियो सुनें

मेलबर्न. गत चैम्पियन नोवाक जोकोविच ने 18 वर्षीय क्रोएशियाई क्वालीफायर डिनो प्रिजमिच से मिली चुनौती को पस्त करते हुए रविवार को यहां ऑस्ट्रेलियाई ओपन के चार घंटे तक चले पहले दौर के मुकाबले में 6-2, 6-7 (5), 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की. प्रिजमिच कभी भी ग्रैंडस्लैम का मैच नहीं खेले थे और उनका जन्म जोकोविच के 2005 में ग्रैंडस्लैम पदार्पण करने के सात महीने बाद हुआ था. पर उन्होंने 24 बार के मेजर विजेता को तब तक परेशान किया, जब तक वह कर सकते थे.

मेलबर्न पार्क में 2005 में ग्रैंडस्लैम पदार्पण करने वाले जोकोविच ने आस्ट्रेलियाई ओपन में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है जिसकी बराबरी शायद ही कोई खिलाड़ी कर सके. वह यहां 10 खिताब अपनी झोली में डाल चुके हैं. पहला सेट उम्मीद के अनुरूप हुआ लेकिन दूसरे सेट में प्रिजमिच ने बराबरी हासिल की और फिर तीसरे को ब्रेक तक ले गये जिससे दर्शकों को काफी हैरानी हुई. लेकिन फिर दुनिया के नंबर एक रैंकिंग के खिलाड़ी ने वापसी कर सेट जीत लिया.

प्रिजमिच ने चौथे सेट में भी हार नहीं मानी जब वह 0-4 से पिछड़ रहे थे. उन्होंने तीन मैच प्वाइंट बचाकर स्कोर 5-3 कर दिया. अंत में जोकोविच ने चार घंटे एक मिनट तक चले मुकाबले को समाप्त किया और कहा, ”वह प्रशंसा का पात्र है, आज रात श्रेय उसे जाता है. 18 साल के खिलाड़ी के लिए यह शानदार प्रदर्शन है जिसे बड़े मंच पर खेलने का कोई अनुभव नहीं हो. ”

इससे पहले फ्रेंच ओपन में आंद्रे रूबलेव को शिकस्त का स्वाद चखाने वाले थियागो सेबोथ वाइल्ड एक बार फिर उनके खिलाफ उलटफेर करने के करीब पहुंच गये थे लेकिन रूस के अनुभवी खिलाड़ी ने पांच सेट तक चले मुकाबले में आखिरी नौ में आठ अंक भुना कर मैच जीता.

पांचवें सेट के 12वें गेम में चार मैच प्वाइंट गंवाने के बाद रुबलेव टाईब्रेकर में 5-2 से पीछे हो गए. उन्होंने धैर्य बनाये रखा और अगले नौ में से आठ अंक जीतकर 7-5, 6-4, 3-6, 4-6, 7-6 से जीत दर्ज की. इस जीत के बाद वह जमीन पर लेट गये और फिर खड़े होकर ब्राजील के प्रतिद्वंद्वी को गले लगाया. सेबोथ वाइल्ड का यह ऑस्ट्रेलियाई ओपन के मुख्य ड्रॉ का पहला मैच था. रूबलेव ने कहा कि उनके दिमाग में फ्रेंच ओपन की हार की यादें ताजा हो गयी.

उन्होंन कहा, ” जाहिर है मै इस मैच को नहीं भूलूंगा. थिएगो खरतनाक खिलाड़ी है. वह काफी प्रतिभाशाली है और तेज प्रहार करता है.” इटली के यानिस सिनर ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के मौजूदा सत्र के पहले मैच में विश्व रैंकिंग में 59वें पायदान पर काबिज बोटिक वान डे जैंडस्चुल्प पर 6-4, 7-5, 6-3 से जीत दर्ज की.

नवंबर में नोवाक जोकोविच को दो बार हराकर इटली को डेविस कप जीतने में अहम भूमिका निभाने वाले ने सिनर ऑस्ट्रेलियाई ओपन के शुरुआती मैच को जीतने के लिए लगभग ढाई घंटे का समय लिया. ऑस्ट्रेलियाई ओपन का आयोजन इस साल 14 की जगह 15 दिनों तक होगा और यह पहली बार है जब इसका आगाज रविवार से हो रहा है. इटली के एक अन्य खिलाड़ी माटेओ अर्नाल्डी ने पहले दौर के मैच में एडम वाल्टन को 7-6 , 6-2, 6-4 से हराया.

अर्जेंटीना के 22वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसिस्को सेरुंडोलो ने मौजूदा सत्र में पांच सेट तक चले पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के स्वीनी को 3-6, 6-3, 6-4, 2-6, 6-2 से हराया. साल 2018 में उपविजेता रहे मारिन सिलिच को हंगरी के फैबियन मारोज्सन ने 6-1, 2-6, 6-2, 7-5 से मात दी.

महिला वर्ग में कैरोलिन वोज्नियाकी ने मां बनने के बाद अपने पहले आस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया. 20वीं वरीयता प्राप्त माग्डा लिनेटे के मैच के दूसरे सेट में रिटायर होने से 2018 आस्ट्रेलियाई ओपन चैम्पियन वोज्नियाकी अगले दौर में पहुंची, तब वह 6-2, 2-0 से आगे चल रही थीं. वोज्नियाकी ने 2020 में संन्यास ले लिया था और फिर दो बच्चों के जन्म के बाद उन्होंने पिछले साल अमेरिकी ओपन में वापसी की थी.

अब वह मारिया टिमोफीवा से भिड़ेंगी जिन्होंने अलीजे कोर्नेट को 6-2, 6-4 से मात दी. आठवीं वरीयता प्राप्त मारिया सकारी ने जापान की नाओ हिबिनो को 6-4, 6-1 से शिकस्त दी. पिछले साल के ऑस्ट्रेलियाई ओपन के बाद ग्रैंड स्लैम में यह उनकी पहली जीत है. अमेरिकी ओपन 2021 की उपविजेता लेयला फर्नांडीज 17 वर्षीय सारा बेजलेक को 7-6, 6-2 हराकर दूसरे दौर में पहुंची. नौवीं वरीयता प्राप्त बारबोरा क्रेजिसिकोवा से पहले सेट में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए माई होंटामा को 2-6, 6-4, 6-3 से शिकस्त दी.

सोलह साल की ब्रेंडा फ्रुहविर्टोवा अपने पहले ग्रैंड स्लैम मैच को जीतने में सफल रही. चेक गणराज्य की इस खिलाड़ी ने रोमानिया की अन्ना बोगदान को 2-6, 6-4, 6-3 से हराया. विश्व रैंकिंग में 28वें स्थान पर काबिज लेसिया सुरेंको ने लूसिया ब्रोंज.ेटी पर 3-6, 7-5, 6-3 जीत दर्ज की जबकि रूस की क्वालीफायर मारिया टिमोफीवा ने फ्रांस की अनुभवी एलिज कॉर्नेट को 6-2, 6-4 से हराया. कॉर्नेट लगातार 68वें ग्रैंड स्लैम स्पर्धा में भाग ले रही थीं, जो महिला टेनिस का रिकॉर्ड है. अमांडा अनिसिमोवा ने करियर ब्रेक के बाद वापसी पर शानदार खेल जारी रखते हुए 13वीं वरीयता प्राप्त ल्यूडमिला सैमसोनोवा पर 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu