मुफ्त की रेवडियों की वजह से दिल्ली बनी गटर : भाजपा सांसद गौतम गंभीर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Jul 2023 07:58 PM
मुफ्त की रेवडियों की वजह से दिल्ली बनी गटर : भाजपा सांसद गौतम गंभीर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्वी दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर ने बृहस्पतिवार को यमुना नदी का पानी आईटीओ और सिविल लाइन्स जैसे इलाकों में घुस जाने को लेकर दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि शहर ‘गटर’ बन चुका है, जो मुफ्त की रेवड़ियों का नतीजा है. शहर की आप नीत सरकार की मुफ्त बिजली और जल आपूर्ति योजना का संदर्भ देते हुए गंभीर ने दिल्ली के लोगों से कहा कि ‘जागो’ क्योंकि कुछ भी मुफ्त नहीं है.

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ”जागो दिल्ली वालों. दिल्ली गटर बन चुकी है. कुछ भी मुफ्त नहीं है, यह उसकी कीमत है.” क्रिकेटर से राजनेता बने गंभीर ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से हटाए गए लोगों से मुलाकात करने के बाद बुधवार को केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया था कि आप (सरकार) ने बीते नौ वर्षों में आधारभूत संरचना पर एक रुपया भी खर्च नहीं किया है.

गंभीर ने आरोप लगाया, ”आप सरकार पिछले नौ वर्षों से केवल आरोप लगाने की राजनीति कर रही है. उन्होंने (आप पार्टी) दिल्ली में आधारभूत संरचनाओं पर एक रुपया तक खर्च नहीं किया है और मुफ्त की रेवड़ियों की राजनीति कर लोगों को सिर्फ बेवकूफ बनाया है.” भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और उन पर पिछले छह दिनों से ‘गायब’ होने और वजीराबाद जल उपचार संयंत्र में जाकर फोटो खिंचवाने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”बाढ़ के पानी की वजह से लोगों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है और केजरीवाल को अब सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए बाहर जाने के अपने कर्तव्य का अहसास हुआ.” सचदेवा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यमुना किनारे तीन जल उपचार संयंत्रों को नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण बंद कर दिया गया है, जिससे राज्य में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी. उन्होंने सवाल किया कि क्यों सरकार ने विज्ञापनों के माध्यम से लोगों को बाढ़ के बारे में चेतावनी नहीं दी?

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu