नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने 350 रुपये को लेकर हुए झगड़े के बाद एक लड़के की चाकू मारकर हत्या करने के दो महीने बाद मामले में आरोप पत्र दायर किया है और किशोर न्याय बोर्ड से आरोपी नाबालिग के खिलाफ वयस्क के तौर पर मुकदमा चलाने का अनुरोध किया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.
दरअसल 21 नवंबर, 2023 को उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में 16 वर्षीय किशोर ने 17 वर्षीय लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. आरोपी ने पीड़ित को 60 बार चाकू मारा था, और हत्या करने के बाद शव के चारों ओर नृत्य भी किया था. एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने 14 फरवरी को किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष किशोर के खिलाफ 250 पृष्ठ का आरोपपत्र दायर किया औप अदालत से उसके खिलाफ वयस्क के रूप में मुकदमा चलाने का भी अनुरोध किया है.
एक अधिकारी ने कहा कि 16 वर्ष और उससे अधिक उम्र के किशोरों के खिलाफ हत्या व बलात्कार जैसे जघन्य अपराध करने पर वयस्क के रूप में मुकदमा चलाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 में इसका प्रावधान है. पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी ने पीड़ित को 60 बार चाकू मारा और 350 रुपये लूट लिए.
पुलिस ने आरोप पत्र में कहा कि आरोपी बिरयानी लाना चाहता था जबकि पीड़ित किशोर ने पैसे देने से इनकार कर दिया था. घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी. पुलिस के अनुसार किशोर ने पीड़ित को मारते हुए आसपास के लोगों को चाकू दिखाकर धमकाया था. दिल्ली पुलिस ने अगले दिन किशोर को पकड़ लिया था. अधिकारी ने कहा कि पीड़ित की हत्या करने के बाद किशोर ने पुलिस को बताया था कि उसने 50 रुपये की बिरयानी खा ली थी जबकि उसके पास से लूटे हुए 300 रुपये बरामद कर लिए गए थे.