उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने साधराम यादव के परिवार से मुलाकात कर 20 लाख रूपए का चेक प्रदान किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Mar 2024 06:53 PM
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने साधराम यादव के परिवार से मुलाकात कर 20 लाख रूपए का चेक प्रदान किया
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में मृतक साधराम यादव के परिवार से सौजन्य मुलाकात की और मृतक साधराम यादव के परिवारजनों को 20 लाख रुपए का चेक प्रदान किया. चेक लेते समय साधराम की पत्नी प्रमिला यादव, पुत्र जलेश्वर यादव, भाई सिद्धराम यादव, गांव के बुजुर्ग कजेलाल यादव, परस साहू, पंचराम पटेल, अगहन यादव, गोलू यादव, भागवत गंधर्व उपस्थित थे.

गौरतलब है कि गतदिवस मुख्यमंत्री साय से उनके रायपुर निवास कार्यालय में कवर्धा विधायक व उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी के साथ आये स्वर्गीय साधराम यादव के परिजनों ने सौजन्य मुलाकात की थी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय यादव के परिजनों को प्रकरण की एनआईए से जांच कराने और संकट की इस घड़ी में परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था.
कलेक्टोरेट कार्यालय कवर्धा में इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मनहरण कौशिक, जनपद पंचायत कवर्धा के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र साहू, कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, कैलाश चंद्रवंशी, चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, रवि राजपूत, ईश्वरी साहू, श्रीकांत उपाध्याय उपस्थित थे.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से स्वर्गीय साधराम यादव के परिजनों ने की थी गत दिनों मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से गत दिवस उनके निवास कार्यालय, रायपुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी के साथ आये स्वर्गीय साधराम यादव के परिजनों ने सौजन्य मुलाकात की थी. मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने उनके परिजनों से कहा था कि साधराम की निर्मम हत्या से हम भी आहत हैं. उन्होंने कहा था कि हमने साधराम के हत्यारों को कड़ी सजा दिलाने के लिए एनआईए को जांच करने सौंप दी है. एनआईए की सूक्ष्म जांच से आरोपी बच नहीं सकते और आपको न्याय मिलकर रहेगा. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ एक शांत प्रदेश है और यहां के माहौल को अशांत करने वाले किसी भी तत्व से सख्ती से निपटा जाएगा. मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय साधराम यादव की पत्नी प्रमिला से कहा कि शासन स्तर से आपके परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता दिलाया जाएगा. मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान स्वर्गीय साधराम यादव के पुत्र योगेश्वर, जलेश्वर, भाई शिधराम यादव, कजेलाल यादव, पंचराम यादव, अगहन लाल, राजू यादव, सुकरिया यादव, गोलू यादव उपस्थित थे.

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कबीरधाम जिले लालपुर निवासी साधराम यादव की हत्या की एनआईए से जांच कराने की पिछले दिनों घोषणा की थी, ताकि घटना की सूक्ष्मतापूर्वक जांच हो सके. मुख्यमंत्री साय ने कहा था कि साधराम यादव की निर्दयतापूर्वक हत्या की जितनी भी निंदा की जाये कम है. मामला कवर्धा शहर से लगे हुए लालपुर का है, जहां 20 जनवरी की दरम्यानी रात को चरवाहे साधराम यादव की गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या की गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu