
चंडीगढ़. डेरा सच्चा सौदा प्रमुख एवं बलात्कार का दोषी गुरमीत राम रहीम सिंह 30 दिन की पैरोल मिलने के बाद बृहस्पतिवार को हरियाणा के रोहतक जिला स्थित सुनारिया जेल से बाहर आया. राम रहीम के वकीलों में से एक ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख शाम पांच बजे जेल से बाहर निकला. वकील जितेन्द्र खुराना ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया कि राम रहीम उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम जाएगा.
डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय हरियाणा के सिरसा में है. राम रहीम ने पैरोल के इस्तेमाल के लिए अस्थायी रिहाई की अर्जी थी. वह अपनी दो शिष्याओं के साथ बलात्कार के अपराध में 20 साल जेल की सजा काट रहा है. इससे पहले, राम रहीम को इस वर्ष जनवरी में 40 दिन की पैरोल दी गयी थी. पिछले वर्ष अक्टूबर में भी उसे 40 दिन की पैरोल दी गयी थी.
इन दोनों अवसरों पर वह बरनावा आश्रम ही गया था और वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये उसने कई सत्संग कार्यक्रम आयोजित किए थे.
वह गत वर्ष जून में भी एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था. इसके अलावा वह सात फरवरी 2022 से तीन सप्ताह के लिए ‘फरलो’ पर भी जेल से बाहर आया था.
राम रहीम की पैरोल की शर्तों में कहा गया है कि वह 30 दिन की नियमित पैरोल के दौरान बरनावा के आश्रम में ही रहेगा तथा इस अवधि के दौरान ‘रिलीज वारंट’ में निर्दष्टि स्थान के अलावा अन्यत्र कहीं जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना नहीं जाएगा. रिहाई की शर्त के अनुसार, उसे इस अवधि के दौरान शांति और अच्छा व्यवहार बनाए रखने को भी कहा गया है. संबंधित थाना प्रभारी इस दौरान राम रहीम के आचरण एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे और इस बारे में पुलिस उपायुक्त या पुलिस अधीक्षक के माध्यम से जेल अधीक्षक को यथाशीघ्र रिपोर्ट सौंपेंगे.



